रायपुर/कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सहमति से आज अपनी प्रदेश टीम की घोषणा की है। जारी सूची के अनुसार कोरबा जिले से विकास रंजन महतो को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वे इससे पहले प्रदेश कार्यसमिति की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
विकास रंजन महतो को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दिए जाने से कोरबा के भाजपाईयों ने प्रसन्नता जाहिर की है।
गौरतलब है कि श्री महतो ने पूर्व में रायगढ़ जिले के सह प्रभारी के रूप में अपनी भूमिका का कुशल निर्वहन किया है। पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यक्रम लाभार्थी योजना का उन्हें प्रदेश सहसंयोजक भी बनाया गया है जिसके राष्ट्रीय कार्यशाला में वह दिल्ली में सम्मिलित हुए थे। प्रदेश मंत्री के रूप में उनकी ऊर्जा तथा कुशल कार्य योजना का फायदा आने वाले समय में पार्टी को प्राप्त होगा ।
0 IAS त्यागी,बडग़ैया भी शामिल
कोरबा के पूर्व कलेक्टर रहे आरपीएस त्यागी एवं वन विभाग में पदस्थ रहे एसडी बडग़ैया को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। इनके अलावा प्रदेश भर से और भी लोगों को संगठन में स्थान दिया गया है। संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर संबंधितों ने प्रदेश अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

