👉🏻राइस मिल का हुक तोड़कर बैटरी-इन्वर्टर पार, स्कूल निर्माण स्थल से भी सामान ले गए चोर
कोरबा। जिले में चोरी की दो वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उरगा थाना क्षेत्र में चोरों ने राइस मिल के शटर का हुक तोड़कर कार्यालय में तोड़फोड़ की और सामान चोरी कर लिया। वहीं दर्री क्षेत्र में निर्माणाधीन स्कूल की बाउंड्रीवाल के पेटी ठेकदार को चपत लगी है।
👉🏻राइस मिल में सेंध, शटर का हुक तोड़ा
उरगा थाना क्षेत्र के बरबसपुर डोम नाला के पास स्थित गौरी शंकर राइस मिल में 21 अगस्त की रात चोरी हुई। मिल संचालक संजय कुमार अग्रवाल के अनुसार कर्मचारी रात करीब 11:30 बजे मिल की बाउंड्रीवाल के अंदर बने कमरे में सो गए थे। 22 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे जब कर्मचारी मिल का शटर खोलने पहुंचे तो उसका हुक टूटा हुआ और शटर कुछ खुला मिला।
सूचना मिलने पर संजय कुमार अग्रवाल अपने पुत्र गौरव अग्रवाल के साथ मिल पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि मिल में रखा एक इन्वर्टर, इन्वर्टर की बैटरी, ट्रक की नई बैटरी तथा धर्मकांटा का मॉनिटर व प्रिंटर गायब है। चोरों ने कार्यालय के कांच भी तोड़ दिए थे। शिकायत पर उरगा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
👉🏻कमरे का ताला तोड़कर निर्माण सामग्री चोरी
दर्री क्षेत्र में केशलपुर निवासी तिहारू सिंह अगरिया ने पुलिस को बताया कि वह जमनीपाली के प्राथमिक स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण का पेटी ठेका लेकर काम कर रहा है। 21 अगस्त की शाम करीब 4 बजे काम खत्म करने के बाद उसने बचा हुआ सामान एक कमरे में रखकर ताला बंद कर दिया और घर चला गया। अगली सुबह करीब 9:30 बजे वापस पहुंचने पर कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर रखा बॉस कंपनी का कटर मशीन, चार लोहे के कॉलम, लोहे की रॉड के दो बंडल और 8, 10 व 12 एमएम की कटपीस लोहे की रॉड, कुल करीब चार क्विंटल वजन और लगभग 20 हजार रुपये कीमत का सामान गायब था। दर्री पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।




