पूर्व् मंत्री ने कहा- अच्छी सड़क, शुद्ध पेयजल नहीं दे पा रहे, “महंगाई रसोई से लेकर सफर तक पहुंची”
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी की शनिवार को टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में बैठक हुई।
स्मार्ट मीटर बदली, महंगी बिजली बिल, 400 युनिट पर हॉफ बिजली बिल, अच्छी सड़कें, शुद्ध पेयजल की माँग को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि त्यौहार का समय आ रहा है लेकिन महंगाई बेलगाम हो गई है, महंगाई रसोई से लेकर सफर तक पहुंच गई है । चीनी 40 रूपये किलो से बढ़कर 72 रूपया प्रति किलो, प्याज 25 रूपये किलो से बढ़कर 45 रूपया प्रति किलो के अलावा रसोई में इस्तेमाल होने वाली सभी समानों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। इसमें आम आदमी और मध्यम वर्गीय परिवार का बजट संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो वर्षों में पॉंच बार बिजली दरों में बढ़ोत्तरी किया गया 400 युनिट पर हॉफ बिजली बिल योजना को संशोधन कर योजना को बंद किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि नगर निगम में राजकिशोर प्रसाद महापौर के कार्यकाल में विपक्ष के नेता सड़कों में बजरी गिट्टी एकत्रित कर महापौर के चेम्बर में रखकर हो हल्ला करते थे, लेकिन वर्तमान में शहर के लगभग सभी सड़कों का हाल बेहाल है । बरसात के दिनों में निगम लोगों को पीने के लिए शुद्ध पानी तक नहीं दे सका है। शहर सरकार का मुख्य कार्य बिजली, पानी, सड़क, साफ- सफाई जैसी अति आवश्यक मूलभूत सुविधा प्रदान करना होता है लेकिन निगम के 17 माह के कार्यकाल में इन सुविधाओं के लिए शहरवासी वंचित रहे हैं और भाजपा नेता मौन हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि सड़क, बिजली, पानी, साफ सफाई के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार 24 अगस्त को प्रात: 10 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के अंदर सकारात्मक पहल की मांग करेंगे। अगर इन 10 दिनों में सुधार – मरम्मत – नवीन निर्माण नहीं कराया गया तो 11 वें, 12वें दिन निगम कार्यालय के समक्ष विशाल धरना प्रदर्शन करते हुए निगम कार्यालय का घेराव करने की कार्य योजना बनी है। बैठक को श्याम सुंदर सोनी ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहु ने किया। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।





