👉🏻 8 माह पहले कलेक्टर, अब निगम आयुक्त से लगाई गुहार
👉🏻 सर्वाधिक परेशानी मरीजों को होती है
कोरबा। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मंगलम विहार, कोसाबाड़ी की अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक हो चुकी सड़क के शीघ्र निर्माण/मरम्मत एवं जल निकासी व्यवस्था हेतु एक बार फिर सामूहिक निवेदन यहां के रहवासियों और अस्पतालों के संचालकों ने किया है।
मंगलम विहार, कोसाबाड़ी के निवासियों ने आयुक्त को अवगत कराया है कि- हमारे क्षेत्र की अत्यंत गंभीर सड़क समस्या की ओर आकर्षित करना चाहते हैं। मंगलम विहार की मुख्य पहुंच सड़क पिछले कई वर्षों से अत्यंत खराब स्थिति में है। हम क्षेत्रवासी विगत लगभग 10 वर्षों से नियमित रूप से नगर निगम के विभिन्न करों का भुगतान करते आ रहे हैं, इसके बावजूद आज तक हमारे क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन हेतु उचित सड़क की सुविधा नहीं मिल पाई है।
वर्तमान में सड़क पर बड़े-बड़े एवं गहरे गड्ढे हो गए हैं। बरसात के दिनों में इन गड्डों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों, बच्चों एवं पैदल चलने वालों के गिरने और गंभीर दुर्घटना होने का लगातार खतरा बना रहता है।
यह समस्या इसलिए और भी गंभीर है क्योंकि इस मार्ग से दो बड़े अस्पतालों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं आपातकालीन मरीजों का आवागमन होता है। खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस एवं अन्य वाहनों को मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में अत्यधिक परेशानी होती है। गंभीर मरीजों के लिए ऐसी सड़क केवल असुविधा नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य एवं जीवन से जुड़ा विषय बन जाती है।
मंगलम विहार में बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं। सड़क के गड्डों एवं आसपास लंबे समय तक जमा रहने वाले बरसाती पानी के कारण क्षेत्र में सांप, बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है। इससे विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं रात्रि के समय आने-जाने वाले लोगों में भय एवं असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है।
महोदय, यह केवल सड़क की सामान्य मरम्मत का विषय नहीं रह गया है, बल्कि अब यह जनसुरक्षा, मरीजों की सुविधा एवं क्षेत्रवासियों के सुरक्षित जीवन से जुड़ी अत्यंत आवश्यक समस्या बन चुकी है।
अतः हम समस्त कॉलोनीवासी आपसे विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि कृपया इस समस्या को प्राथमिकता एवं मानवीय दृष्टिकोण से संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्थल निरीक्षण करवाकर मंगलम विहार की मुख्य सड़क का स्थायी निर्माण/मरम्मत तथा उचित जल निकासी की व्यवस्था करवाने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान करने की कृपा करें।
हमें पूर्ण विश्वास है कि नगर निगम प्रशासन क्षेत्रवासियों एवं अस्पताल आने वाले मरीजों की इस गंभीर समस्या को समझते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।
अब, देखना है कि निगम इस मामले में कितना सकारात्मक रुख अपनाता है?





