◆ 18 कैरेट के सोने के आभूषणों को 22 कैरेट का बताकर बेचने एवं गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण प्राप्त करने का करते थे काम
कोरबा। थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 908/26, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत धोखाधड़ी के अपराध की विवेचना करते हुए 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
प्रार्थी संजय श्रीवास पिता दाउराम श्रीवास, 46 वर्ष, निवासी ग्राम कोरबी धतुरा, थाना हरदीबाजार को उसके गांव के ही इंद्रेश साहू द्वारा अपने पास 3.75 ग्राम वजन का 22 कैरेट सोने का लॉकेट होना बता कर 45,000 में सौदा किया गया। 28 अक्टूबर को घंटाघर कोरबा के पास इंद्रेश साहू अपने साथियों के साथ सफेद रंग की कार से पहुंचा तथा प्रार्थी से 45,000 रुपए लेकर उसे उक्त लॉकेट दे दिया। प्रार्थी द्वारा उक्त लॉकेट की जांच दिव्य ज्वेलर्स में कराई गई, जहांजानकारी मिली कि लॉकेट 22 कैरेट का न होकर 18 कैरेट सोने का है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर ठगी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
👉🏻संगठित गिरोह का खुलासा हुआ
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में सिविल लाइन पुलिस द्वारा तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। प्रार्थी की निशानदेही एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर मुख्य आरोपी इंद्रेश कुमार साहू को उसके तीन अन्य साथियों के साथ घटना में प्रयुक्त आई-10 कार सहित पकड़ा गया। आरोपियों से पूछताछ एवं उनके मेमोरेंडम कथनों में सामने आया कि वे आपस में संपर्क एवं समन्वय बनाकर सोने के आभूषणों की आपूर्ति, खरीद-बिक्री तथा विभिन्न गोल्ड लोन संस्थाओं में उन्हें गिरवी रखने का काम करते थे। कथनों के अनुसार 18 अथवा 20 कैरेट शुद्धता वाले सोने के आभूषणों को 22 कैरेट का बताकर प्रस्तुत किया जाता था। इसके माध्यम से लोगों को आभूषण बेचने के साथ-साथ विभिन्न गोल्ड लोन कंपनियों से ऋण प्राप्त कर आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था तथा प्राप्त लाभ का आपस में बंटवारा किया जाता था। विवेचना में मणप्पुरम फाइनेंस, जना बैंक, आईएफएल एवं अन्य वित्तीय संस्थाओं में सोने के आभूषण गिरवी रख कर ऋण प्राप्त करने संबंधी तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस द्वारा आभूषणों की वास्तविक शुद्धता, हॉलमार्क की सत्यता, उनके स्रोत एवं संबंधित वित्तीय लेन-देन के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
👉🏻जब्ती एवं बरामदगी
आरोपियों के कब्जे से जो सामग्रियां बरामद की गईं उनमें- इंद्रेश कुमार साहू से 2,100 रुपये नगद एवं 40,000 की एसबीआई एटीएम डिपॉजिट पर्ची, लिलेश्वर सिन्हा से 1,000 रुपये नगद, मनीष देवांगन से वारदात में प्रयुक्त हुंडई आई-10 कार क्रमांक CG05AE-8013, आशीष गर्ग उर्फ आशु से 2 नग सोने के लॉकेट वजन 7.89 ग्राम, 02 जोड़ी सोने की झुमकी वजन 13.40 ग्राम (20 कैरेट), 02 नग लेडिस अंगूठी वजन 6.54 ग्राम (20 कैरेट), 01 नग सोने की जेंट्स अंगूठी वजन 3.80 ग्राम तथा 01 नग बैटरी चलित ग्रे रंग की मिनी डिजिटल तौल मशीन की जप्ती शामिल है।
👉🏻गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर चारों आरोपियों को को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में
- इंद्रेश कुमार साहू उर्फ हरिओम पिता चक्र कुमार, 31 वर्ष, निवासी ग्राम कोरबी धतुरा, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
- लिलेश्वर सिन्हा पिता घसियाराम सिन्हा 52 वर्ष, निवासी विद्या ज्योति स्कूल के पास, पार्वती नगर, वार्ड क्रमांक 13, गुढ़ियारी, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
- मनीष देवांगन उर्फ राहुल, पिता उत्तम कुमार देवांगन 47 वर्ष, निवासी मैत्री विहार, वार्ड क्रमांक 69, सुंदरनगर, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
- आशीष गर्ग उर्फ आशु पिता स्व. दीपक कुमार गर्ग, 29 वर्ष, वर्तमान निवासी गौतम कॉलोनी, सेकंड फ्लोर, नरेला, थाना नरेला, नार्थ वेस्ट दिल्ली शामिल हैं। न्यायालय के आदेशानुसार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल दाखिल कराया गया है।
प्रकरण में सोने के आभूषणों के वास्तविक स्रोत, हॉलमार्क की सत्यता, गोल्ड लोन कंपनियों में किए गए लेन-देन तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में विवेचना जारी है।






