👉🏻 भाजपा की तरफ से कोई श्रद्धांजलि नहीं, किसी ने दी तो शैली गलत हो गई
👉🏻 पार्टी नेतृत्व की भी चुप्पी, नोटिस का शिगूफा, कार्रवाई क्यों नहीं…?
कोरबा। चाल-चरित्र और चेहरा को प्राथमिक तवज्जो देने वाली भारतीय जनता पार्टी की एक नेत्री कविता सोनी, जो कि भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, कोरबा मंडल कार्यकारिणी सदस्य, कोरबा महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर सोशल मीडिया व लोगों में परिचित हैं, के द्वारा फूहड़ शब्द के साथ दिए गए अमर्यादित बयान के लिए अब तक सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई है। पार्टी के जिला स्तरीय पदाधिकारी भी इस मामले में खामोश ही हैं।
रजगामार क्षेत्र की 7 वर्षीय मासूम बच्ची 19 अक्टूबर को एकाएक लापता हो गई और चौथे दिन 22 अक्टूबर को उसकी अर्धनग्न लाश गांव के श्मशान घाट में बरामद हुई। उसके साथ हत्या और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल दाखिल करा दिया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों और नाराज लोगों के द्वारा विरोध करते हुए आरोपी को फांसी देने की मांग कर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन कैंडल मार्च के जरिए किया गया और यह सिलसिला अभी भी चल रहा है।
इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी इस संवेदनशील और जघन्य मामले में अब तक मौन है। पार्टी के पदाधिकारी अथवा उनकी अनुषांगिक इकाईयों, यहां तक कि महिला मोर्चा के द्वारा भी कोई कैंडल मार्च या श्रद्धांजलि जैसा कार्यक्रम अब तक देखने-सुनने को नहीं मिला है (सोशल मीडिया पोस्ट अपवाद)। लोगों के बीच चर्चा का विषय है कि हो सकता है सरकार उनकी है इसलिए ऐसी घटनाओं पर विरोध करना उचित न समझते हों लेकिन सरकार से परे हट कर यह एक संवेदनशील मामला है, जिसमें पीड़िताको श्रद्धांजलि और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा फांसी आदि की मांग के लिए तो वे पहल कर ही सकते हैं। इसमें सरकार वाली बात या राजनीति जैसी कोई बात ही नहीं।
इस बीच 25 अक्टूबर को टीपी नगर चौक पर एक संस्था के द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के लोग जुड़े। उनके द्वारा यहां मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी अवसर पर भाजपा नेत्री कविता सोनी के द्वारा भी अपना आक्रोश जाहिर किया गया लेकिन वह इस आक्रोश में इतना बह गईं कि उन्होंने बीच-बीच में अमर्यादित और अस्वीकार्य अवांछनीय शब्दों का प्रयोग कर डाला। यह बयान सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस घटनाक्रम को हुए 5 दिन बीतने को हैं लेकिन इस बड़े गलत शब्द का उपयोग करने को लेकर किसी भी तरह का सार्वजनिक माफीनामा उनकी तरफ से अब तक सामने नहीं आया है।
हालांकि सोशल मीडिया के जरिए जो भी इसे सुन रहे हैं वह भाजपा नेत्री को कोस रहे हैं। साथ ही उनमें यह भी सवाल है कि आखिर संगठन क्या कर रहा है? अनुशासन के मामले में सख्त कहे जाने वाले भाजपा संगठन में आखिर ऐसी अनुशासनहीनता और अमर्यादित शब्दों का उपयोग करने के मामले में भाजपा नेत्री पर संगठन ने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की? पार्टी की अनुशासन समिति भी इस मामले में मौन है! एक मासूम के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने वाली भाजपा नेत्री के खिलाफ संगठन की चुप्पी और पार्टी पदाधिकारी के द्वारा इस मामले में अनभिज्ञता जताना और मीडिया के द्वारा ही बताए जाने पर जानकारी मिलने की बात से यह भी सवाल उठता है कि क्या जिले में होने वाले ऐसे घटनाक्रम की जानकारी उन्हें कोई नहीं देता? आखिर वे इससे अब तक अनजान क्यों रहे, जब उन्हें जानकारी मिली तो उनके द्वारा क्या कदम उठाया गया और किस तरह की कार्रवाई की जा रही है, यह भी उनके मीडिया प्रभारी के माध्यम से सामने नहीं आ सकी है।






