कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में देर रात राह चलते लोगों को रोककर मारपीट और चाकू दिखाकर डकैती की वारदात सामने आई है। प्रार्थी गणेश पाल कंवर की रिपोर्ट पर पुलिस ने निशांत प्रसाद केवट, शिवा बिंझवार समेत अन्य चार-पांच लोगों के खिलाफ धारा 310(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम मड़वाढोढ़ा, थाना बांकीमोंगरा में रहता है और लाइनमैन का काम करता है। 30 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने साथी सुरेंद्रपाल कंवर, ज्योतिश कुमार, उमेश कंवर, प्रमोद कंवर और अजय सिंह के साथ रिश्तेदार के घर खोडरी गया था। वहां से वापस लौटते समय रात करीब 11 बजे वे गंगा नगर बाजार के पास पहुंचे। वहां करीब 7 से 8 लोगों ने लूट की नीयत से उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोपियों ने उनके साथ हाथ-मुक्का, बेल्ट और डंडे से मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर उन्हें डराया।
प्रार्थी के मुताबिक, आरोपी उसका वीवो वाई31 मोबाइल, उसके साथी ज्योतिश कुमार का ओप्पो ए5 मोबाइल और 500 रुपये नगद वाला पर्स, तथा सुरेंद्र पाल कंवर का वीवो वाई18 मोबाइल लूटकर ले गए।
मारपीट में प्रार्थी गणेश पाल कंवर की दाहिनी आंख के पास, प्रमोद कंवर के गर्दन और पीठ, सुरेंद्र पाल कंवर के पैर तथा ज्योतिश कुमार के गाल में चोट लगने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
प्रार्थी ने आरोपियों में से निशांत प्रसाद केवट और शिवा बिंझवार, निवासी कुदरीपारा बांकीमोंगरा को पहचानने की बात पुलिस को बताई है। मामले में दोनों सहित अन्य चार-पांच आरोपियों के खिलाफ धारा डकैती की धारा 310(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।






