3 दुकानों पर 02-02 हजार रू. का जुर्माना
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा कोरबा जोन अंतर्गत नहर पुल से मस्जिद तक पावरहाउस रोड में बिटुमिनस (डामरीकृत) सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण से शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान कुछ दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा सड़क पर पानी डालने, वाहनों की धुलाई करने तथा दुकानों के सामने पानी बहाने जैसी गतिविधियां की जा रही हैं, जिससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा नागरिकों एवं व्यापारियों को लगातार समझाईश दी जा रही है कि निर्माणाधीन सड़क पर पानी न डालें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो। इसके बावजूद समझाईश के बाद भी कुछ लोगों द्वारा लापरवाही बरती जा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम द्वारा 25 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई की गई।
03 दुकानों पर 2,000-2,000 रूपये का जुर्माना
निर्माणाधीन सड़क पर पानी डालने के मामले में नगर निगम द्वारा 03 दुकानों पर 2000-2000 रूपये का लगाया गया जुर्माना। इस हेतु नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर जुर्माने के साथ-साथ चेतावनी दी गई। उन्हें स्पष्ट किया गया कि सड़क पर पानी डालने के कारण यदि सड़क खराब होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकान की होगी। भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि पाए जाने पर नियमानुसार आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
पानी डालने से सड़क की गुणवत्ता पर पड़ सकता है प्रतिकूल प्रभाव
बिटुमिनस सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों एवं प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। निर्माण के दौरान सड़क पर अनावश्यक रूप से पानी डालने, वाहनों की धुलाई करने तथा दुकानों के सामने पानी बहाने से निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न होती है। इससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने और सड़क समय से पहले खराब होने की आशंका रहती है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतना और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना बेहद जरूरी है।
जनता के हित में हो रहा निर्माण, नागरिकों से सहयोग की अपील
नहर पुल से मस्जिद होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक पावरहाउस रोड का निर्माण शहर के नागरिकों एवं व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कराया जा रहा है। सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा आम नागरिकों, वाहन चालकों और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह विकास कार्य जनहित से जुड़ा है, इसलिए इसके निर्माण में सभी की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है।
नगर निगम द्वारा नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक निर्माणाधीन हिस्से पर पानी न डालें, वाहनों की धुलाई सड़क पर न करें तथा दुकानों के सामने पानी बहाने से बचें। सभी नागरिक अपने व्यवहार में आवश्यक सावधानी बरतें, ताकि सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूरा हो सके और सार्वजनिक धन से निर्मित सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।
नगर निगम का उद्देश्य केवल सड़क का निर्माण कराना नहीं, बल्कि शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना है। इसके लिए निर्माण एजेंसी के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। निगम ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों के दौरान लापरवाही एवं निर्माण कार्य को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






