👉🏻अटल जी के मुरीद मायूस और विस्मित, वरिष्ठ भाजपाई भी उठाते रहे सवाल
👉🏻सवाल- सरकारी ही सही, भाजपाई भी नहीं देंगे ध्यान तो दूसरे दलों की सरकारों से भला क्या उम्मीद करें?
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26 वीं वर्षगांठ पर राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम मैदान में लाखों रुपये खर्च कर मंच सजा, अतिथियों का स्वागत हुआ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं और छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा का बखान भी किया गया। मंच से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद भी किया गया, लेकिन आयोजन स्थल पर चौतरफ़ा लगे बैनर-पोस्टरों में छत्तीसगढ़ के निर्माता का छायाचित्र कहीं नजर नहीं आया। यह देखकर भारत रत्न स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी के मुरीद मायूस भी हुए और विस्मित भी।
राज्य निर्माण के 26 साल पूरे होने के उत्सव में राज्य निर्माता को ही खासकर मंच पर लगी प्रचार सामग्री में जगह नहीं मिलना दर्शकों को लगातार सालता रहा। हैरानी इसलिए भी कि कोरबा में ट्रिपल इंजन की सरकार है। प्रदेश और नगर निगम से जिला पंचायत तक भाजपा का नेतृत्व है। इसके बावजूद राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक आयोजन के बैनर-पोस्टरों में अटल जी की तस्वीर को जगह नहीं मिलना कई सवाल खड़े करता रहा। भाजपा पदाधिकारियों ने भी मंच साझा किया,पर वे भी ध्यान नहीं दिये। दर्शकों के बीच यह सवाल भी उठता रहा। अटल जी के प्रति सम्मान रखने वाले दर्शकों में आम नागरिकों के साथ वरिष्ठ भाजपाई भी शामिल रहे। वे आयोजन स्थल पर अटल जी का छायाचित्र तलाशते रहे, लेकिन किसी भी कोने में उनकी तस्वीर नजर नहीं आई। इसे लेकर मायूसी और विस्मय के साथ सवाल भी उठाए गए।

कुछ वरिष्ठ भाजपाईयों ने नाम सामने न लाने की शर्त पर इसे संगठन की नाकामी बताया। उनका सवाल था कि जिस पार्टी के शासनकाल में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ और जिसके शीर्ष नेतृत्व में अटल जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, उसी पार्टी की सरकार के सार्वजनिक आयोजन में उनके छायाचित्र के लिए जगह क्यों नहीं बन पाई? क्या संगठन के जिम्मेदार लोगों ने भी इस ओर ध्यान देना जरूरी नहीं समझा?
यहां सवाल किसी सरकारी नियम के उल्लंघन का नहीं, बल्कि राजनीतिक और नैतिक जिम्मेदारी का है। क्या राज्योत्सव के बैनर-पोस्टरों में अटल जी का छायाचित्र शामिल नहीं करने का कोई निर्देश था? यदि ऐसा कोई निर्देश नहीं था तो फिर आयोजन की रूपरेखा और प्रचार सामग्री तैयार करने वालों ने इस महत्वपूर्ण पक्ष पर ध्यान क्यों नहीं दिया? क्या यह महज डिजाइन तैयार करने वालों की चूक थी या संगठन और जिम्मेदार लोगों की उदासीनता?
विडंबना देखिए कि मंच से अटल जी को याद किया गया, लेकिन आयोजन स्थल पर लगे बैनर-पोस्टरों/कटआउट में उनके लिए कोई जगह नहीं थी।
1 नवंबर 2000 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। ऐसे में राज्योत्सव उनके योगदान के स्मरण का भी अवसर है। जब मंच से राज्य निर्माता को याद करना जरूरी समझा गया तो फिर आयोजन के दृश्य प्रचार में उनका छायाचित्र शामिल करना क्यों जरूरी नहीं समझा गया? सवाल यही है कि क्या अटल जी का सम्मान केवल भाषणों तक सीमित रह गया?






