0 हितानंद अग्रवाल और विकास झा भी गए थे प्रचार में,नहीं मिली जीत
कोरबा। झारखंड राज्य में चुनाव संपन्न हो गया और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जीत का परचम लहराया है। चुनाव में प्रचार-प्रसार के लिए भारतीय जनता पार्टी ने भी छत्तीसगढ़ राज्य से अपने नेताओं को भेजा था। कोरबा जिले से नगर पालिक निगम में नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, युवा नेता विकास झा सहित पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के प्रतिनिधि रहे अनिल चौरसिया को भी झारखंड में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में प्रचार प्रसार के लिए भेजा गया।
पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते हुए इन सभी नेताओं ने अपने-अपने दांव पेच खेले। डाल्टनगंज में भाजपा के प्रत्याशी आलोक कुमार चौरसिया को 890 मतों से जीत हासिल हुई और उन्होंने कांग्रेस के कृष्णानंद त्रिपाठी को परास्त किया। डाल्टनगंज में अनिल कुमार चौरसिया ने मोर्चा संभाल रखा था और पार्टी प्रत्याशी के प्रचार-प्रसार की रणनीति में कुशलता पूर्वक अपनी भागीदारी निभाई।
इसी तरह झारखंड के सिमडेगा विधानसभा में हितानंद अग्रवाल ने कमान संभाली थी। यहां भाजपा के प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा को हार का सामना करना पड़ा और कांग्रेस उम्मीदवार भूषण बारा ने 9228 मतों से जीत हासिल किया। मधुपुर विधानसभा में विकास झा ने भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए कार्य किया। यहां से भाजपा के प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह को झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार हफीजुल हसन ने 20027 वोटों के अंतर से हराया है।


