कोरबा। नगर निगम के एक सफाईकर्मी ने असिस्टेंट इंजीनियर पीयूष राजपूत के विरुध्द जातिगत गाली-गलौज करने की शिकायत दर्ज कराया है।
आवेदक करन कलशे पिता मेवालाल कलशे 28 वर्ष निवासी प्रगति नगर दर्री डेम के नीचे ने शनिवार को कोतवाली थाना में एक आवेदन सौंपा। उन्होंने पीयूष राजपूत नामक व्यक्ति पर जातिसूचक गालियाँ देने और अपमानित करने का आरोप लगाया है।
करन कलशे ने अपने आवेदन में बताया कि वह ठेकेदार वरुण गोस्वामी के अधीन सफाई कार्य करता है। दिनांक 12 जुलाई 2025 को जब वह पुराना बजरंग टॉकीज़ के पास अपना दैनिक कार्य कर रहा था, तभी पीयूष राजपूत अपनी गाड़ी से उसके पास आया। कलशे के अनुसार, राजपूत ने उससे “यहाँ का कचरा उठाओ” कहा, जिसके बाद वह अपना कार्य करने लगा। पीयूष राजपूत अचानक उससे अकड़ कर बात करने लगा। जब करन कलशे ने पूछा कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं और आश्वासन दिया कि वह काम कर देगा, तो राजपूत ने जातिगत गाली-गलौज किया। कलशे के बयान के अनुसार, राजपूत ने उसे अपशब्द कहे और गालियाँ भी दीं। कलशे के कार्य से संबंधित भी गालियाँ दीं।
करन कलशे ने कहा है कि पीयूष राजपूत नगर निगम में कार्यरत हैं और उन्हें इस प्रकार का कृत्य नहीं करना चाहिए। यह घटना सभी के सामने हुई, जिससे उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुँची है। कलशे ने अपनी शिकायत में यह भी चिंता व्यक्त की है कि यदि ऐसे व्यक्तियों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो भविष्य में अन्य सफाईकर्मियों के साथ भी ऐसा दुर्व्यवहार हो सकता है।
करन कलशे ने कोतवाली थाना प्रभारी से अपील की है कि गाली-गलौज करने वाले पीयूष राजपूत के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। बताया गया कि पीयूष राजपूत कोरबा जोन कार्यालय में असिस्टेंट इंजीनियर पदस्थ है।
KORBA:निगम अधिकारी पर जातिगत अपमान का आरोप, सफाई कर्मी ने थाना में की शिकायत






