कोरबा। निर्माण के बाद से उपेक्षित और उपयोगहीन लाखों का फुट ओव्हरब्रिज एवं पौनी पसारी का वनवास खत्म होने की ओर अग्रसर है,इनके दिन जल्द ही फिरने वाले हैं। केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की सहमति से व नगर पालिक निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण बुधवारी बाजार क्षेत्र की तस्वीर बदलने लगी है। अस्त-व्यस्त, बेतरतीब और बेतहाशा अतिक्रमण की चपेट में आ रहे बुधवारी बाजार में सड़क तक पार्किंग की बढ़ती समस्या को लेकर प्रकाशित खबरों पर आयुक्त ने संज्ञान लिया और कार्ययोजना के तहत इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए कार्य शुरू किया है।

बुधवारी बाजार और इसके आसपास अनियमित विकास बड़ी समस्या के रूप में उभर रही थी। बेशकीमती सरकारी जमीन, बाजार क्षेत्र से लेकर आसपास बढ़ता कब्जा,अनियमित लगते ठेले-खोमचे परेशानी का सबब बनने लगे। यहां साप्ताहिक बाजार बुधवार के दिन पार्किंग समस्या यातायात में बाधा भी बनती रहती है। पूर्व् कांग्रेस सरकार में बुधवारी बाजार के इस पार से उस पार सीधे आवागमन के लिए फुट ओव्हरब्रिज का निर्माण डीएमएफ के 70.56 लाख की लागत से नगर पालिक निगम द्वारा वर्ष 2016-17 में कराया गया। बुधवारी काम्प्लेक्स के पीछे पार्किंग स्थल विकसित करने की मंशा से कार्य किया गया ताकि यहाँ वाहन खड़ी कर FOB से होकर सीधे बाजार में उतरकर जाना-आना किया जा सके।

इसके अलावा करीब 5 लाख की लागत से पौनी पसारी का निर्माण कराया गया जिसमें फुटकर व्यापारी पसरा लगा सकें। निर्माण के बाद लगभग 8 साल के लंबे समय अंतराल में FOB से लेकर पार्किंग,पौनी पसारी का उपयोग निगम प्रशासन सुनिश्चित नहीं करा सका, जनप्रतिनिधियों ने भी गम्भीरता नहीं दिखाई और न इस दिशा में तत्कालीन आयुक्तों ने कोई सशक्त प्रयास किया।
👉🏻 अंधेरी FOB में चमकी रौशनी

निर्माण के बाद से अंधेरे का पर्याय बना फुट ओव्हरब्रिज नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का केंद्र बनता जा रहा था। दिन के वक्त लोग इस पर आना-जाना नहीं करते और रात के अंधेरे में भी आने-जाने से परहेज हो रहा था। चूंकि इस क्षेत्र को भी आयुक्त ने विकास की श्रेणी में रखा और इसके लिए आवश्यक कार्यों का अनुमोदन प्राप्त कर विद्युतीकरण कार्य कराया गया है। केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत ने इसका लाइटअप किया। रंग-बिरंगे एलईडी लाईटों के साथ अब यह फुट ओवरब्रिज अपनी प्रारंभिक से लेकर अंतिम सीढ़ी तक जगमगा उठा है। फुट ओवरब्रिज के निचले हिस्से में भी दूधिया एलईडी लगवाई गई है जिससे कि सड़क पर भी पर्याप्त रोशनी हो रही है और अंधेरे से छुटकारा मिला है।
👉🏻 पालिका बाजार के रूप में विकसित कर रहे

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बुधवारी में पालिका बाजार (Palika market) को मूर्त रूप देने की दिशा में कार्य प्रारम्भ किया है। बुधवारी बाजार की सीमा रेखा तय करते हुए FOB के प्रारम्भ से बाजार के अंतिम छोर तक बाउन्ड्रीवॉल का कार्य अंतिम चरण की ओर है। बाजार की सीमा तय हो जाने के बाद बाजार को विकसित किया जाएगा। इसी कड़ी में बुधवारी काम्प्लेक्स के पीछे डेली नीड्स और अन्य सामानों की बिक्री के लिए पालिका बाजार की तर्ज पर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। पौनी पसारी को पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य होगा जो अभी उपेक्षित रहने के कारण नशेड़ियों का अड्डा और लोगों के गपशप का केंद्र बना हुआ है। इसके अलावा यहां पार्किंग चिन्हीकरण भी किया जा रहा है ताकि बाजार आने वालों के लिए यहां वाहन खड़ी कर FOB से आना-जाना सुनिश्चित कराया जा सके।
👉🏻 सजीव होती दीवारें,फुटपाथ विकसित

निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की पहल पर बुधवारी बाजार से लेकर जैन मंदिर रेलवे फाटक तक दोनों तरफ फुटपाथ को विकसित करते हुए रेलिंग लगाकर सुरक्षित किया गया है। वहीं, बुधवारी क्षेत्र से लेकर आईटीआई चौक तक सड़क किनारे की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग करते हुए संजीव जैसा चरित्र कराया जा रहा है। यह ना सिर्फ इस रास्ते से गुजरने वालों को मोहित करती है बल्कि सौंदर्य के साथ स्वच्छता का भी संदेश दे रही है।







