👉🏻 कलेक्टर जनदर्शन में दो बार शिकायत, किन्तु राहत नहीं
👉🏻 मनमाना बाउंड्रीवाल तुड़वाने की भरपाई कौन करेगा?
कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत तिलकेजा द्वारा शासन के नियम के विपरीत आंगनबाड़ी भवन निर्माण करने एवं बिना शासन की अनुमति के कन्या आश्रम का अहाता तोड़ने के संबंध में शिकायत पर कार्रवाई लंबित है। 22 दिसम्बर 2025 और 5 जनवरी 2026 को की गई शिकायत पर कार्रवाई आज तक लंबित है।
कलेक्टर जनदर्शन में की गई शिकायत में बताया गया है कि ग्राम पंचायत तिलकेजा में आंगनबाड़ी केन्द्र क्र. 02 का भवन जीर्ण-शीर्ण हो जाने से नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण हेतु शासन से स्वीकृत हुआ है। निर्माण कार्य ग्राम पंचायत तिलकेजा द्वारा गलत जगह अनुसचित जनजाति कन्या छात्रावास/आश्रम तिलकेजा के केम्पस के अन्दर कराया जा रहा है तत्संबंध में कन्या छात्रावास अधीक्षिका द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा को सूचना प्रेषित किया गया है।

उक्त कैम्पस में आंगनबाडी भवन निर्माण किये जाने से छात्रावास में छोटे-छोटे बालिकाओं की सुरक्षा पर विपरीत असर पड़ेगा, जबकि प्रा.शा. तिलकेजा कैम्पस के अन्दर काफी जगह रिक्त है जहां आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया जा सकता है, जो शासन के नियम के तहत् है। इसके विपरीत कैम्पस के भीतर निर्माण न कर कैम्पस के बाहर निर्माण कार्य प्रारंभ करते हुए कन्या आश्रम के बाउण्ड्रीवाल को तोड़ दिया गया है जिससे बालिकाओं की सुरक्षा पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा साथ ही उनके साथ अप्रिय घटना घटित होने की संभावना बनी हुई है। कन्या आश्रम के बाउण्ड्रीवाल व पूर्व निर्मित आंगनबाड़ी को शासन के स्वीकृति के बिना तोड़ दिये जाने से शासन को लाखों रुपये की क्षति भी हुई है।
वार्ड पंचों सहित अनंत राम धीवर ने आदिवासी बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते जांच कराते हुए निर्माणाधीन आंगनबाड़ी का कार्य तत्काल रोकते हुए प्राथमिक शाला भवन के कैम्पस में निर्माण करने हेतु आदेशित करते हुए बाउण्ड्रीवाल बिना किसी स्वीकृति के तोड़ जाने के संबंध में कार्यवाही करते हुए दण्ड निर्धारित करने की मांग जिलाधीश से की गई है।







