0 कलेक्टर,एसपी,कमिश्नर,बालको प्रशासन सब जगह गुहार, फिर भी…!
कोरबा। नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 44 नेहरू नगर, सेक्टर 5 शापिंग काम्पलेक्स बालको की जमीन पर जमीन दलालों द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है। इसके कारण बसाहट दुकानदारों को परेशानी हो रही है और आये दिन वाद विवाद व टकराहट की स्थिति में किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की संभावना बनी रहती है। कड़ी कार्यवाही कर अवैध कब्जे को हटाने के संबंध में 6 माह से लगातार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
पीड़िता बिंदुलता साव पिता बाबूलाल साव, 41 वर्ष परसाभांठा ने बताया कि सेक्टर-5 शॉपिंग सेंटर में संचालित दुकान के बाजू से श्रीमती बिंदु शाह एवं बादल श्रीवास के द्वारा अवैधानिक रूप से बेजा कब्जा कर रातो-रात टीन का शेड बना दिया गया है। बेजा कब्जा के पहले से इसकी शिकायत विगत 6 माह से कलेक्टर, नगर पालिक निगम आयुक्त, पुलिस अधीक्षक कार्यालय व बालको थाना एवं बालको प्रबंधन को देने के बाद भी किसी प्रकार की कार्यवाही न किये जाने मनोबल बढ़ा हुआ है। इतना ही नहीं पीड़िता के द्वारा निर्माण के लिए रखे गए ईंटों को भी जबरन हटवा देने का आरोप है। पीड़िता के द्वारा पुनः कलेक्टर जनदर्शन में बताया गया कि वह समय-समय पर शिकायत करते चली आ रही है। शिकायत पर नगर पालिक निगम ने अवैधानिक रूप से अतिक्रमण की गई दुकानों पर कार्यवाही (ध्वस्तीकरण) करने का नोटिस जारी किया किन्तु आज तक कार्यवाही न करना समझ से परे है। ऐसा लगता है कि श्रीमती बिंदु शाह एवं बादल श्रीवास अपनी पहुंच बनाकर इस कार्यवाही को रोक कर रखे हैं। आज स्थिति यह बन गई है कि आए दिन पीड़िता की दुकान के सामने असामाजिक सोच रखने वाले व्यक्तियों का जमावड़ा लगा रहता है। द्वेष की भावना रखते हुए व्यंग्यात्मक बाते भी करते हैं क्योंकि पीड़िता एक महिला है। 4 वर्ष से दुकान का संचालन कर रही है। इसी दुकान से अपने परिवार का पालन पोषण भी करती है। पूर्व में इसी दुकान को विगत 20 साल तक पिता के द्वारा चलाया गया। पिता का स्वर्गवास के बाद अब दुकान का संचालन पीड़िता स्वयं कर रही है। बेजा कब्जा को हटवाने का आग्रह पीड़िता लगातार अब तक कर रही है।
👉🏻 नोटिस चिपका कर भूले:- पीड़िता ने बताया कि नगर पालिक निगम के द्वारा 01/09/2025 को अवैधनिक दोनों दुकान पर नोटिस चस्पा किया गया। इसके बाद इसे हटाया नहीं गया।
👉🏻दुकान में तोड़फोड़ भी किया,महीनों से परेशान है पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि 28/07/2025 रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक टीना टप्पर लगाकर अवैध कब्जा का खेल शुरू कर दिया गया। सुबह के वक्त दुकानदारो के द्वारा मना करने के उपरांत बाद भी अड़े रहे एवं वाद-विवाद लडाई झगडे एवं धमकी दी गईं। सूचना 03/08/2025, 14/08/2025 को थाना में दिया गया एवं बालको प्रशासन को भी शिकायत 30/07/2025 को किया गया जिसे नजरअंदाज करना समझ से परे है। पीड़िता की दुकान में बार-बार तोड़फोड़ कर अवैध कब्जा किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में तीन बार तोड़फोड़ और अवैध कब्जा करने की घटना हुई हैं।
- पहली घटना दिनांक 22 सितम्बर 2025 को हुई।पीड़िता ने अपनी दुकान की ढलाई करवाई थी, जिसे सुबह लगभग 5 बजे आरोपी पक्ष द्वारा तोड़ दिया गया।
- दूसरी घटना 3 अक्टूबर 2025 को हुई। अपनी दुकान के पीछे की ओर ढलाई करवाई थी, जिसे रात लगभग 12 बजे आरोपी पक्ष तोड़ दिया गया।
- तीसरी घटना 07 अक्टूबर 2025 को सुबह लगभग 4 से 5 बजे के बीच हुई, जिसमें दुकान का वैध कब्जा (टिन का बना हुआ शेड) हटा दिया गया और आरोपी पक्ष द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया।
इन सभी घटनाओं में बिंदु शाह, उसका पुत्र अजय शाह तथा उसकी पुत्री सुजाता शाह सम्मिलित हैं, जिन्होंने मिलकर दुकान में तोड़फोड़ कर जबरन कब्जा किया है। उक्त घटनाओं से आर्थिक एवं मानसिक क्षति पहुंची है।







