👉🏻 माकपा जिला सचिव ने किया पत्राचार, सुनवाई की उम्मीद
कोरबा। सीपीआई द्वारा लगातार कोरबा जिले की जन समस्याओं को उठाया जा रहा है पर शासन द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला कोरबा के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि बालको नगर की जन समस्याओं को लेकर अलग-अलग दिनांक में धरना प्रदर्शन एवं जिलाधीश से मुलाकात कर ज्ञापन दिए गए हैं।
श्री वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 से लगातार धरना प्रदर्शन, रैली कर जिलाधीश से मुलाकात कर उनका ध्यान आकर्षित करते हुए ज्ञापन दिया गया है लेकिन शासन द्वारा इस पर अभी तक निराकरण नहीं किया गया जिससे आम जनता में काफी असंतोष व्याप्त हैं। इन समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण नहीं होने पर सीपीआई द्वारा एक जन आंदोलन किया जाएगा।
👉🏻 यह समस्याएं निम्नानुसार हैं;-

- बालको बजरंग चौक, परसाभाठा से रिसदी चौक तक तक भारी वाहनों के आवागमन का भारी दबाव होने के कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती है और डर बना रहता है। यह समस्या भारत अल्युमिनियम कंपनी में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों के लिए अत्यंत भयावह हो जाती है। रात के समय इतना ज्यादा डस्ट उड़ता है कि रोड दिखाई नहीं देता जिसके कारण एक्सीडेंट होने का खतरा बने रहता है ड्यूटी आने जाने वाले लोगों को बहुत ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है इस लिए विभिन्न अ,ब,स, पाली के समय 30 मिनट पहले एवं 30 मिनट बाद तक भारी वाहनों पर नो एंट्री लगाया जाए।

- परसाभाठा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार की गुमटियों के ऊपर का शेड और पीसीसी रोड बहुत ही ज्यादा जर्जर हो गया है जिसके कारण व्यापारी, आम जनता अपने आप को असुरक्षित समझ रहे हैं। बाजार के गुमटियों और पीसीसी रोड का जीर्णोद्धार किया जाए।
- भदरापारा गायत्री मंदिर रोड से लेकर रिस्दी चौक एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड बहुत ही ज्यादा जर्जर हो गया है। आम जनता को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है कई बार एक्सीडेंट भी हो चुका है जिसके कारण कईयों की जान चली गई है।








