कोरबा। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज तथा राहुल गांधी को प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा जबरन उठाकर ले जाने के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस का गुस्सा फूटा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के निर्देश पर मंगलवार शाम सुभाष चौक, निहारिका में कांग्रेस सहित युवा कांग्रेस के शहर और ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
0 पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमा-झटकी
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने जब पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, तो पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमा-झटकी हुई। हालांकि, वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया और आखिरकार कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका। नाराज कार्यकर्ताओं ने पुतलों को लाठी से पीट-पीट कर, लात मारकर अपना गुस्सा जाहिर किया।
0 केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं तथा छात्र-युवाओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो” और “नीट पेपर लीक की सीबीआई जांच हो” जैसे नारे लिखे हुए थे।
आंदोलनकारी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। इतने बड़े घोटाले पर सरकार मौन धारण किए हुए है और हक की आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, जो लोकतंत्र की हत्या के समान है।
0 कार्रवाई होने तक आंदोलन की चेतावनी
जिला युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राकेश पंकज ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि: ”जब तक नीट परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक युवा कांग्रेस का यह चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।”
0 वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद

इस उग्र प्रदर्शन में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, युवा कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश पंकज तथा ग्रामीण जिला अध्यक्ष विकास सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







