बर्थ-डे पार्टी में शराबखोरी के बाद हुआ विवाद
कोरबा-करतला। रामपुर प्रेमनगर में बर्थ-डे पार्टी के बाद शराब पीने के दौरान युवक को ‘बे’ कहकर संबोधित करने पर विवाद हो गया। युवक ने इस तरह संबोधित करने से मना किया तो साथी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से मारपीट कर दी। हमले में युवक के सिर और माथे में चोट लगी और खून निकल आया।
दर्ज एफआईआर के अनुसार ग्राम रामपुर निवासी रुस्तम राठिया 19 वर्ष 10 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे अपने रिश्ते के मामा दुर्गा चौहान के छोटे बेटे की बर्थडे पार्टी में शामिल होने प्रेमनगर मोहल्ला गया था। पार्टी के बाद वह दुर्गा चौहान और उसके साले रवि निषाद निवासी खरसिया के साथ स्टेडियम ग्राउंड गया, जहां तीनों ने शराब पी।
रात करीब 9:30 बजे नरेश श्रीवास के घर के पास पहुंचने पर रुस्तम और रवि निषाद के बीच विवाद हो गया। रुस्तम का आरोप है कि रवि ने उसे ‘बे’ कहकर बुलाया, जिस पर उसने ऐसा संबोधित करने से मना करते हुए कहा कि वह उसे मामा कहकर संबोधित करता है। इसके बाद रवि निषाद ने गलियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखी लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया।
घायल रुस्तम घर पहुंचा और अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई और उसे करतला के सरकारी अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया।
रुस्तम की रिपोर्ट पर करतला पुलिस ने रवि निषाद के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





