इमरजेंसी में एंबुलेंस तक नहीं मुड़ पाती,संकरे रोड से आवागमन में हो रही परेशानी
कोरबा-पाली। जिले के पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के अगल-बगल और ठीक सामने कई निजी वाहन महीनों से खराब हालत में खड़े हैं। ये वाहन 24 घंटे वहीं खड़े रहते हैं, जिसके कारण अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, परिजनों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि यह मार्ग पाली का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। इसी एक सकरे रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ कॉलेज, जनपद कार्यालय, हाई स्कूल, बीईओ कार्यालय,सहकारिता विभाग,बैंक,शिशु मंदिर सहित दर्जनों शासकीय कार्यालय, स्कूल और छात्रावास स्थित हैं। दिन भर इस रोड पर आवाजाही बनी रहती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इन लावारिस हालत में खड़ी गाड़ियों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी इमरजेंसी केस में आती है। अति गंभीर मरीज को लेकर पहुंची एंबुलेंस को भी गेट पर मोड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है, जिससे कीमती समय बर्बाद होता है। भीड़ के समय दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है, जो मरीजों और परिजनों के लिए घातक सिद्ध हो सकती है।
बताया जा रहा है कि पूर्व में स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत पाली द्वारा संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस भी दिया गया था, जिसके बाद कुछ दिनों के लिए वाहन हटा लिए गए थे। लेकिन पिछले लगभग 20 दिनों से पुनः उसी जगह पर वाहन खड़े कर दिए गए हैं। कुछ तो ऐसे भी है जो अस्पताल परिसर को अपना परमानेंट पार्किंग स्थल बना चुके है।
आश्चर्य की बात है कि इस ओर अब न स्वास्थ्य विभाग का ध्यान है, न नगर पंचायत अधिकारियों का और न ही पुलिस-प्रशासन का। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है, तब तक सभी मूकदर्शक बने हुए हैं। नगरवासियों ने सत्यसंवाद के माध्यम से कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारी से मांग की है कि जनहित और मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए इन वाहनों को तत्काल हटाया जाए और CHC गेट के सामने नो-पार्किंग जोन घोषित कर सख्त कार्रवाई की जाए।





