👉🏻 कोरबा जिला के कथरीमाल में पदस्थ है शिक्षक पति
जांजगीर-चाम्पा। जिले के बलौदा नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती कविता डहरिया के पति प्रवीण प्रताप डहरिया के खिलाफ नगर पंचायत के कार्यों में कथित अनाधिकृत हस्तक्षेप और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने को लेकर जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ताओं ने इसके समर्थन में फोटो भी संलग्न किए हैं।
शिकायत के अनुसार, प्रवीण डहरिया कोरबा जिले के करतला विकासखंड स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कथरीमाल में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। इसके बावजूद वे बलौदा नगर पंचायत की गतिविधियों में हस्तक्षेप करते हैं। शिकायतकर्ताओं ने जनसमस्या निवारण शिविर की एक तस्वीर का भी उल्लेख किया है, जिसमें उनके मंच पर बैठे होने की जानकारी दी गई है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष निलेश गुप्ता और नगर पंचायत उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी के नेतृत्व में की गई शिकायत में अकलतरा विधायक राघवेन्द्र सिंह पर भी आरोप लगाए गए हैं। निलेश गुप्ता का कहना है कि शिक्षक प्रवीण डहरिया को विधायक द्वारा रायपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के कार्यालय ले जाने और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल कराने की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई थी।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नगर पंचायत में भी प्रवीण डहरिया का अधिकारियों और कर्मचारियों के समक्ष हस्तक्षेप रहता है। उनका कहना है कि इस संबंध में नगर पालिका अधिकारी से मौखिक शिकायत पहले भी की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अब कलेक्टर के समक्ष लिखित शिकायत और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के दौरान पार्षद राजकुमार कंवर, रामसेवक कुंभकार, राजकुमार सोनी, रतनबाई कुर्रे, पायल कटकवार, रेनू थवाईत, ऋषिकेश रात्रे, राजेश देवांगन बाबा, बेदकुमारी कौशिक, एल्डरमैन शिवाजी अग्रवाल, अमृत लाल देवांगन, अभिनेश सिंह ठाकुर और बलौदा मंडल महामंत्री अनिल हरवंश उपस्थित थे।





