रायपुर/धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी में हुए सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के वीर जवानों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा में समर्पित हमारे जांबाज जवानों का निधन अत्यंत हृदयविदारक है और यह क्षति अपूरणीय है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में कोबरा बटालियन के जवानों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायल जवान के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
👉🏻 कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त
गौरतलब है कि धमतरी जिला में शनिवार सुबह कार में सवार सभी पांच जवान कोबरा बटालियन के रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवान को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहन भी मौजूद थे, लेकिन तेज रफ्तार और ट्रक चालक के नियंत्रण खो देने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
छग: सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के 4 जवानों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक






