0 सरपंच सहित पंचायत के जन प्रतिनिधियों का बैठक में किया अपमान
0 जब तक हटाया नहीं जाएगा, तब तक कोई बैठक में शामिल नहीं होने की बात कही
कोरबा। ग्राम पंचायत झाबर में पदस्थ सहायक शिक्षिका रीना सिंह को यहां से हटाने की मांग करते हुए जनप्रतिनिधियों, सरपंच और ग्रामवासियों ने जिलाधीश को आवेदन मांग पत्र सौंपा है।
आवेदन में कलेक्टर को बताया गया है कि सहायक शिक्षिका श्रीमती रीना सिंह 18-20 वर्षों से प्राथमिक शाला झाबर में पदस्थ हैं। उनके द्वारा मनमानी करने व शासन के नियमानुसार ड्यूटी न करने की शिकायते मिल रही थी जिसका अवलोकन करने पर शिकायत सही पाई गई। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों द्वारा SMC सदस्य, पालक, शाला के प्रधानपाठक व सहायक शिक्षिका का एक व्हाट्सअप ग्रुप बनाया गया था जिसमें प्रातः एवं सायंकालीन प्रार्थना का फोटो डालने हेतु निर्देशित किया गया था। इस बात से सहायक शिक्षिका आक्रोशित होकर जनप्रतिनिधि के घर जाकर कलेक्टर से शिकायत करेंगे, कहकर धमकी देने लगी। 24 जून2025 को प्रा.शा. झाबर में SMC के पुर्नगठन, शाला के प्रवेशोत्सव मनाने व शाला के सुचारू रूप से संचालन हेतु प्रधानपाठक द्वारा बैठक रखा गया था जिसमें SMC सदस्य, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। बैठक में सहायक शिक्षिका द्वारा अभद्र व्यावहार करते हुए सबके सामने यह बोला गया कि जनप्रतिनिधियों को शाला के किसी बैठक या कार्यक्रम में शामिल होने का अधिकार नहीं है, तो आप लोग यहाँ कैसे और क्यूँ आ गए, इस तरह से अपमानित कर शाला से बाहर निकाल दिया गया। प्रधानपाठक द्वारा हस्तक्षेप करने पर उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। उपरोक्त घटना से हम ग्राम झाबर के सभी जनप्रतिनिधि दुखी एवं आहत हैं और हमारे द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि जब तक सहायक शिक्षिका रीना सिंह पर कोई उचित कार्यवाही नहीं होगी तब तक शाला के किसी बैठक अथवा कार्यक्रम में हम उपस्थित नहीं होगे।
पूर्व में भी इस सहायक शिक्षिका द्वारा प्रधानपाठक के लिए गांव के कुछ लोगों को गुमराह करके झूठी शिकायत की गई थी। अधिकारी द्वारा जांच की गई तो सहायक शिक्षिका का नाम सामने आया था। उसके बाद भी इनके ऊपर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं हो पायी थी।







