0 एसपी भोजराम पटेल ने श्रीकृष्ण जन्म उत्सव और भजनों पर पुलिस परिवार संग बांटी खुशियां
मुंगेली। जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा. पु.से.) की पहल से मुंगेली पुलिस परिवार द्वारा जिला पुलिस बल मुंगेली के शहीद एवं दिवंगत पुलिसकर्मियों की पावन स्मृति में एवं उनके मोक्षार्थ श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह 8 से 15 सितम्बर तक आयोजित है। कथावाचक उमाकांत मिश्र एवं सूरज मिश्र (बरपाली रायगढ़) द्वारा पुराना पुलिस लाइन मुंगेली में कथा श्रवण करा रहे हैं।
तीसरे दिन गुरुवार को श्रीराम कथा एवं कृष्ण जन्म की कथा का वर्णन किया गया। साथ ही भगवान विष्णु के महान तपस्वी भक्त ध्रुव के प्रसंग का वर्णन किया गया।

श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कथावाचक के द्वारा भक्त प्रहलाद चरित्र एवं भगवान विष्णु अवतार का वर्णन कर प्रहलाद की भक्ति एवं हिरण्यकश्यप के वध का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया।
भगवान कृष्ण के अवतरण का प्रसंग के दौरान पुलिस परिवार के नन्हे बच्चों ने कृष्ण रूप धारण किया।
पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी-कर्मियों विशिष्ट जनों व उपस्थित भक्तों, महिलाओं ने भजन गा कर,झूम-नाच कर जन्मोत्सव की खुशियां मनाई।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा स्वयं उपस्थित रहकर कथा का प्रतिदिन श्रवण किया जा रहा है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की भी व्यस्था रखी गई है।
श्रीमद् भागवत कथा श्रवण से कलयुग में मोक्ष और पापों के नष्ट होने की मान्यता है। श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन कल श्रीकृष्ण बाल लीला व गोवर्धन पूजा का प्रसंग वाचन किया जावेगा।







