👉🏻 समस्या समाधान में नाकाम वन विभाग,ग्रामीणों की आंखों से नींद गायब
कोरबा। जिले में कटघोरा वनमण्डल क्षेत्र के जंगलों में हाथियों की लगातार मौजूदगी व इनके द्वारा प्रायः हर दिन किये जा रहे नुकसान से ग्रामीण परेशान हो गए हैं। उनका सुख-चैन छिन गया है और आंखों से नींद गायब है लेकिन वन विभाग के अधिकारी खाना पूर्ति में लगे हैं। न कोई उपाय न कोई ठोस पहल, अधिकारियों की नाकामी ने जीना दूभर कर रखा है।
इससे परेशान ग्रामवासियों ने पोड़ी उपरोड़ा के अनुविभागीय अधिकारी (रा.) को चक्काजाम करने की सूचना दी है।
उन्हें अवगत कराया गया है कि पिछले डेढ़ महीने से 60 हाथी एक ही जगह में रुके हुए हैं और किसानों की फसलों एवं घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अतर्गत ग्राम पंचायत पसान में इन हाथियों के कारण आक्रोश एवं दहशत का माहौल बना हुआ है। सभी डरे हुए हैं एवं रात जाग-जाग कर बिता रहे हैं। हाथी फसलों के साथ-साथ घरों व सामानों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन विभाग के द्वारा इन्हें रोकने में नाकामी के कारण से ग्रामीणों में आए दिन जन-धन हानि की घटना होती रहती है। कहा गया है कि यदि गुरुवार तक हाथी की सम्पूर्ण समस्या का समाधान नहीं होता है तो पूर्व सरपंच एवं आक्रोशित ग्रामीण 15 अक्टूबर को पसान चौक में चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।







