0 कहा- अतिवृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त, विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक राजेश यादव ने प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा एवं बाढ़ जैसे हालात पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री को पत्र प्रेषित कर प्रदेश के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित करने की मांग की है।राजेश यादव ने कहा कि लगातार हो रही अतिवृष्टि ने प्रदेश के अनेक जिलों में जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं, सड़कें एवं पुल-पुलियाएं जलमग्न हैं तथा कई क्षेत्रों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट चुका है। अनेक स्थानों पर जलभराव के कारण आवागमन बाधित हो गया है, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले हजारों विद्यार्थियों का जीवन संकट में पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जितनी आवश्यक है, उससे कहीं अधिक मूल्यवान विद्यार्थियों का जीवन और उनकी सुरक्षा है। ऐसी विकट परिस्थितियों में यदि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी भरपाई संभव नहीं होगी। इसलिए शासन को मानवीय संवेदनाओं एवं दूरदर्शिता का परिचय देते हुए स्थिति सामान्य होने तक विद्यालयों में अवकाश घोषित करना चाहिए।
राजेश यादव ने शासन से आग्रह किया कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक निर्णय लिया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार जनहित एवं छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेशवासियों की चिंता दूर करेगी।







