सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ज्यादा चखना खाने को लेकर हुए विवाद में एक दोस्त ने दूसरे को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्यारे दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र के पकनी गांव में दो दिन पहले अनिल सिंह का रक्तरंजित शव खेत में मिला था। वह घटना के एक दिन पहले गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था लेकिन दूसरे दिन उसकी लाश मिली।
पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक को आखिरी बार उसके दोस्त जगदेव के साथ देखा गया था। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शक के आधार पर आरोपी जगदेव की तलाश शुरू की। हत्या के बाद से जगदेव फरार था लेकिन पुलिस ने दो दिन में ही जगदेव को ढूंढ निकाला। उसने बताया की शादी की रात वह और मृतक दोनों खेत में बैठकर शराब पी रहे थे कि इसी दौरान चखना खाने को लेकर दोनों के बीच में बहस हो गई और इसी बीच आरोपी इतना आक्रोशित हो गया कि वह घर जाकर कुल्हाड़ी लेकर आया और दोस्त पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी के बयान के बाद पुलिस ने हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी जप्त कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।






