कोरबा। कटघोरा क्षेत्र की सड़कों से होकर भारी वाहनों का परिचालन पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं दण्डाधिकारी, कटघोरा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि- रावण दहन एवं नवरात्रि पर्व के अवसर पर भारी वाहनों के परिवहन को कटघोरा नगर क्षेत्र में रोक लगाये जाने के संबंध में थाना प्रभारी कटघोरा द्वारा प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है। प्रतिवेदन में प्रतिवेदित किया गया है कि दशहरा पर्व के अवसर पर कटघोरा नगर क्षेत्र में रावण दहन एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एकत्रित होने की संभावना रहती है। ऐसी स्थिति में नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का आवागमन जारी रहने से यातायात व्यवस्था बाधित होने तथा सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि की आशंका बनी रहती है। अतः जनसुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत दशहरा पर्व के दौरान कटघोरा नगर क्षेत्र में समस्त भारी वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित किए जाने की आवश्यकता है। तथा भारी वाहनों के आवागमन हेतु वैकल्पिक कटघोरा बायपास से होकर जाना उचित प्रतित होता है।
उपरोक्त थाना प्रभारी कटघोरा के प्रतिवेदनों के आधार पर उनके तथ्यों से सहमत होते हुए कटघोरा नगर क्षेत्र में रावण दहन एवं नवरात्रि पर्व के अवसर पर आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन में असुविधा व दुर्घटना की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए दिनांक 15.10.2026 से 21.10.2026 तक भारी वाहनों के आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाता है।






