👉🏻 दोनों बिलासपुर जिले के निवासी,कल रात निकले थे अपने शहर से
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र सहित कोरबा में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक विवाहित युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड का गला काट दिया और खुद का गला काटकर मौत को गले लगा लिया।
उरगा क्षेत्र के ग्राम संडेल में इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया गया। घायल अवस्था में युवती ने बिलासपुर में मौजूद अपने परिजनों को मोबाइल पर चैटिंग के जरिए घटनाक्रम की जानकारी दी। लोकेशन भेजकर कहा कि मेरी जान बचा लो, इसी लोकेशन को परिजनों ने बिलासपुर के कोतवाली थाना को फॉरवर्ड किया जिसे कोरबा पुलिस को भेजा गया। इसके बाद उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है।
युवती की पहचान 22 वर्षीय निशा उर्फ प्रतीक्षा के तौर पर हुई है जो बिलासपुर जिले के कश्यप कॉलोनी की निवासी है जबकि मृतक 28 वर्षीय शुभम नायडू, निवासी सरकंडा बिलासपुर था। मृतक युवक शादीशुदा था जिसकी अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर अनबन थी। वह एक बच्चे का पिता भी था।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार युवती रात के लगभग 9 बजे अपने घर से लापता हुई थी। संदेह के आधार पर परिजनों ने बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पतासाजी के दौरान ही देर रात उरगा थाना और कोरबा पुलिस के कंट्रोल रूम को बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना से पॉइंट मिला कि बिलासपुर की एक युवती उरगा थाना क्षेत्र के एक नाले के पास खून से लथपथ अवस्था में पड़ी हुई है,मरणासन्न स्थिति में है। कोरबा पुलिस भेजे गए लोकेशन के आधार पर देर रात मौके पर पहुंची जहां युवक मृत अवस्था में पड़ा था जबकि युवती गला काटे जाने के बाद बेहद गंभीर अवस्था में थी। युवक के शव को बरामद कर पुलिस ने युवती को तत्काल अस्पताल के लिए रवाना कर दिया।
युवती ने इशारों में पुलिस को बताया कि वह युवक के साथ यहां पहुंची थी। युवक ने पहले उसका गला काटा, इसके बाद अपना गला काट लिया। युवक ने इस घटना को अंजाम क्यों दिया, अब तक इस बात की जानकारी किसी को भी नहीं है, जिसकी पुलिस पड़ताल कर रही है।
कोरबा एएसपी लखन पटले ने बताया कि घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी मिली है जिसे जब्त किया गया है। दोनों के परिजनों को भी सूचना दी गई, जो कोरबा पहुंचे।






