बलौदाबाजार। जिले में खनिज माफियाओं की गुंडागर्दी एक बार फिर सामने आई है। गिधौरी थाना क्षेत्र के खपरीडीह गांव में खनिज माफियाओं ने एक युवक को मुखबिरी के शक में तालिबानी सजा दी। इस सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना 12 जून की बताई जा रही है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक को खंभे से बांधकर बेल्ट और डंडों से बुरी तरह पीटा जा रहा है। आरोप है कि युवक ने अवैध खनन की जानकारी पुलिस को दी थी, इसी शक में उसे यह सजा दी गई।
एक अन्य युवक भी उस पर डंडे से हमला करने की कोशिश कर रहा है। सोशल मीडिया में इस मारपीट का वीडियों वायरल होने के बाद गांव में काफी आक्रोश है। उधर पुलिस ने इस घटना की शिकायत मिलते ही तत्काल मारपीट करने वाले सभी 6 आरोपियों के खिलाफ नामदज अपराध दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस में अपराध दर्ज होतेे ही सभी आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गये। पुलिस ने आरोपियों की सरगर्मी से तलाश करते हुए इस वारदात में शामिल यशवंत पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 5 अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।