0 राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष से मिलकर पदाधिकारियों ने मांगा सहयोग
कोरबा। जय मां सर्वमंगला गौ सेवाधाम,राताखार कोरबा के पदाधिकारियों द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल से मिल कर सड़क पर विचरण करते हुए गौवंशों के संवर्धन, संरक्षण हेतु ज्ञापन सौंपा गया। उनसे गौसेवा हेतु शासकीय सहयोग प्रदान करने के लिए भी आग्रह किया गया।
सेवाधाम से जुड़े रवि सिंह चंदेल ने बताया कि हमारी संस्था जय मां सर्वमंगला गौसेवा समिति द्वारा विगत 5-6 वर्षों से राताखार बाईपास हसदेव नदी किनारे निरंतर गौसेवा का कार्य किया जा रहा है। इस गौशाला में विशेष रूप से लावारिस, बीमार, घायल एवं सड़क पर विचरण करने वाले गौवंशों की देखभाल, चिकित्सा एवं सेवा की जाती है। यह सेवा पूर्णतः निःस्वार्थ भाव से गौचर भूमि में संचालित की जा रही है। 150 से ज्यादा गौवंश है, जिनके रहने-खाने की उचित व्यवस्था गौ सेवकों द्वारा किए जा रहे हैं।

वर्तमान में संस्था के पास लगभग 150×150 वर्गफुट की भूमि है, जहां 22×120, 22×40, 22×40 के तीन शेड हैं जिनमें गौमाताओं को गर्मी से बचाव हेतु फागर लगवाया गया है पर सभी गौवंश स्वतंत्र रूप से विचरण करते हैं, तथा 40×40 वर्गफुट का एक शेड निर्मित है, जिसमें गौवंश हेतु कुटी रखने की व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त एक बोर की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।
समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक निराश्रित एवं जरूरतमंद गौवंशों की सेवा करना है, किंतु सीमित संसाधनों के कारण हमें कई बार कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है।
आयोग के अध्यक्ष से निवेदन किया गया है कि इस गौधाम को शासन की ओर से आवश्यक सहयोग एवं सहायता प्रदान कराने की कृपा करें, जिससे इस पुण्य कार्य को और अधिक प्रभावशाली एवं व्यवस्थित ढंग से कर सकें और यह सेवा निरंतर एवं स्थायीत्वपूर्ण बनी रहे।