कोरबा। बांगो थाना में कार्यरत 112 की टीम कोबरा 02 को आज दोपहर कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि तान नदी पोड़ी उपरोड़ा में एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना बाद ईआरव्ही स्टाफ आरक्षक क्रमांक 895 सुरेंद्र कंवर व चालक नागेंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे।
घटना स्थल पर ज्ञात हुआ कि एक व्यक्ति गोकुल सिंह पिता महेश राम 45 वर्ष जाति गोंड़ निवासी पोड़ी उपरोड़ा तान नदी को पार कर खेत देखने गया था। साथी के साथ वापस लौटते समय अचानक नदी में बाढ़ आ जाने से जल का स्तर ज्यादा होने से बीच नदी में फंस गया। उसका साथी तो हिम्मत दिखाकर निकल गया लेकिन गोकुल सिंह डर कर आगे नहीं बढ़ पाया और मंझधार में फंस गया। इधर फंसे गोकुल को निकालने के लिए तत्काल बांगो थाना में सूचना दिया गया, तब थाना से अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण को बीच नदी से निकालने का काफी प्रयास किया जा रहा था लेकिन सफल नहीं हो पा रहे थे और जल का स्तर बढ़ता ही जा रहा था।
गंभीर स्थिति को देखते हुए मौके पर उपस्थित बांगो थाना के प्रधान आरक्षक क्रमांक 215 ओमप्रकाश डिक्सेना( जो कि तैरना जानते हैं और जान बचाने के लिए प्रयास को महत्व दिया), ने गोकुल सिंह गोंड़ को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दिया।
![](https://satysanwad.com/wp-content/uploads/2024/09/IMG_20240926_211341.jpg)
गोकुल सिंह को बीच नदी से निकालने के लिए प्रयास के दौरान बहाव तेज होने से वह नदी में बहने लगा था कि बाकी अन्य थाना स्टाफ एवं तीन ग्रामीण नदी के नीचे तरफ उसे पकड़ने के लिए रस्सी लेकर तैयार थे। प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश डिक्सेना द्वारा आखिरकार गोकुल को पकड़ लिया गया एवं रस्सी को पकड़कर उसके सहारे खींच कर नदी से बाहर निकाल लिया गया। बांगो थाना प्रभारी श्रीमति उषा सोंधिया ने कहा कि प्रधान आरक्षक की बहादुरी और जज्बा के कारण गोकुल सिंह को सही सलामत बचा लिया गया। रेस्क्यू कार्य में प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश डिक्सेना, डायल 112 आरक्षक सुरेंद्र कंवर, आरक्षक अनिल पोर्ते, आरक्षक मानसमणि, अशोक खरे, 112 का चालक नागेंद्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।