कोरबा। कोरबा जिले से जामुन लेकर बिलासपुर मंडी जा रही पिकअप शनिवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक हादसा भारतमाला उरगा-बिलासपुर मार्ग में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र स्थित मुड़ाभाठा के पास रात करीब 12 बजे हुई। बताया गया कि एक ही मार्ग में विपरीत दिशा से सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जा रही पिकअप को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसका केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में फंसे लोगों को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में कोरबा जिले की रामपुर विधानसभा के विधायक फूलसिंह राठिया के नाती मंजीत कुमार राठिया 23 वर्ष और रिश्तेदार मुकेश राठिया 24 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मंजीत विधायक के बड़े भाई चमार राठिया की बेटी का बेटा था। दोनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे।
इस हादसे में दिनेश कुमार 25 वर्ष, कपूर राठिया 30 वर्ष और अजीत राठिया 25 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
👉🏻 गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक फूलसिंह राठिया परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव उनके गृहग्राम केरवाद्वारी लाए गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में परिजनों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक की तलाश तेज कर दी है।
👉🏻ग्रामीणों ने चाही सख्त कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला मार्ग पर गलत साइड से चलने, अपनी साइड व रॉन्ग साइड में भी तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त जांच, नियमित चेकिंग और वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।




