0 पोड़ी-उपरोड़ा हाईस्कूल का मामला,डीएमएफ से हुआ है कार्य
कोरबा- पोड़ी उपरोड़ा। पोड़ी उपरोड़ा जनपद क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पोड़ी उपरोड़ा स्थित हाई स्कूल परिसर में बनाए गए वाहन स्टैंड के निर्माण पर करीब 6 लाख रुपये की लागत खर्च किए जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा है। यह निर्माण कार्य जिला खनिज न्यास (DMF) मद से कराया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन स्टैंड के निर्माण में उपयोग की गई सामग्री को देखते हुए इतनी बड़ी राशि खर्च होना समझ से परे है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि मौके पर जो निर्माण दिखाई दे रहा है, उसके हिसाब से लागत काफी ज्यादा बताई जा रही है।
लोगों का आरोप है कि जिला खनिज न्यास मद से होने वाले कई कार्यों में पहले भी अनियमितता और कमीशनखोरी के आरोप लगते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार से लेकर संबंधित अधिकारियों तक कमीशन का खेल चलता है, जिसके कारण कई बार काम की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यदि इस वाहन स्टैंड के निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए और स्वीकृत स्टीमेट के अनुसार खर्च का मिलान किया जाए, तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। फिलहाल इस निर्माण कार्य की लागत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि निर्माण में स्वीकृत राशि का सही उपयोग हुआ है या नहीं।








