👉🏻 हत्याकांड के चश्मदीद गवाह के परिजनों को धमकाता था
👉🏻 अज्ञात पर एफआईआर के बाद फरार था
कोरबा। भाजपा के वरिष्ठ नेता कटघोरा के कारखाना मोहल्ला निवासी व ठेकेदार अक्षय गर्ग की हत्या कांड में शामिल आरोपियों का पक्ष लेकर गवाह को धमकाने के आरोप में हसन अली को पसान पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है। कोर्ट में पेश करने उपरांत न्यायिक रिमांड पर उसे जेल भेजा गया। उसका प्रारम्भिक जमानत आवेदन भी खारिज कर दिया गया है। हसन अली की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है।
गौरतलब है कि अक्षय गर्ग की हत्या ग्राम कटोरीनगोई में उनके ठेका साइट पर राजनीतिक प्रतिद्वंदी मुस्ताक अहमद ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर की थी। हत्याकांड के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया। हत्याकांड में शामिल आरोपियों के पक्ष में काम करते हुए गवाही न देने के लिए एक गवाह के परिवार को तरह-तरह की धमकी मिलने लगी थी।
जुलाई महीने में ग्राम लोकड़हा निवासी एक गवाह ने पसान थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके गांव में काले रंग की कार में आकर एक व्यक्ति माता-पिता के बारे में पूछता है और हत्याकांड के मामले में गवाही देने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर जाता है। इस तरह की धमकी से वह और उसका परिवार डरे सहमे हैं। पसान थाना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 232 (1) 351 (3) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पता तलाश की जा रही थी। इस बीच पुलिस को ज्ञात हुआ कि फरार आरोपी बीच-बीच में अपने निवास कटघोरा आता है। पुलिस ने अपने मुखबिर सक्रिय कर रखे थे और कटघोरा थाना से भी सहयोग लिया जा रहा था। सूचना मिली कि 16 अगस्त को आरोपी अपने घर आया हुआ है,तब कटघोरा पुलिस की मदद से पसान पुलिस ने धमकी देने वाले संदेही आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी पहचान परेड कराई गई।
पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई की गई। पोड़ी-उपरोड़ा के अनुविभागीय दंडाधिकारी के निर्देश पर कार्यपालिक दंडाधिकारी पसान के समक्ष उनके कार्यालय में संदेही आरोपी हसन अली के साथ अन्य लोगों को खड़े कर पीड़ित पक्ष से पहचान परेड कराई गई। पीड़ित पक्ष ने लोगों के बीच से हसन अली को पहचान लिया कि यही कार से धमकी देने गांव आता था।
इसके पश्चात पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी हसन अली को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया। इसके पश्चात आरोपी को कटघोरा उप जेल दाखिल करा दिया गया है।
अक्षय गर्ग की हत्या में शामिल आरोपियों का पक्ष लेने व चश्मदीद गवाहों को धमकाने के मामले में वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व पार्षद पति हसन अली का नाम सामने आना और उसकी गिरफ्तारी होना कटघोरा क्षेत्र वासियों सहित उन्हें जानने वालों के लिए काफी चौंकाने वाला है।





