👉🏻 जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरगबुंदिया चौक पर आज देर रात चंद्र भूषण अनंत नामक युवक के साथ हुई सामूहिक मारपीट की घटना के बाद थाना में हंगामा मच गया। पीड़ित युवक के साथ पहुंचे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने अपने साथ थाना प्रभारी नवीन पटेल के द्वारा दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया और एफआईआर दर्ज करने में कई तरह की शर्तें लगाने और अपने ढंग से एफआईआर दर्ज करने की बात को लेकर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की।
जनपद सदस्य अनिल खूंटे, किशन कोसले, बांकीमोगरा नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास सहित कई कार्यकर्ता उरगा थाना परिसर में धरना पर बैठ गए हैं। इनका आरोप है कि आरक्षित वर्ग के युवक के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया लेकिन थाना प्रभारी के द्वारा एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज नहीं करने के लिए बार-बार दबाव बनाया जाता रहा। आरोप है कि उनकी बातें मानने के बाद भी एफआईआर दर्ज करने में हीला हवाला किए जाने के साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया गया। इस बात को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। बहरहाल समाचार के लिखे जाने तक उरगा थाना में प्रदर्शन जारी है। इस संबंध में थाना प्रभारी से संपर्क के अभाव में उनका पक्ष नहीं रखा जा सका है।











