कोरबा। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर इलाके का एक वीडियो वायरल है जिसमें एक पति अपनी शिक्षक पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। बच्चे रोते हुए गिड़गिड़ा रहे हैं पापा…नहीं…पापा…, मम्मी को मत मारो, लेकिन पिता का हाथ थमा नहीं और वह पत्नी के साथ मारपीट करता रहा।
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता भदरापारा शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षक वर्ग 3 पदस्थ है और गायत्री मंदिर रोड के पास रहती है उसका विवाह शांति कुमार कश्यप से पूर्व के वर्षों में संपन्न हुआ और दो पुत्री सहित एक पुत्र उनकी संतान है। वर्ष 2021 में पारिवारिक विवाद के बाद से अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर पीड़िता अलग रह रही है। बीच-बीच में वह पति के घर शांति नगर स्थित मकान में आना-जाना भी करती रहती है लेकिन पति उसे अपने साथ लेकर रहने को तैयार नहीं है, बल्कि घर जाने पर बेवजह विवाद कर लड़ाई-झगड़ा करता है।
इसी क्रम में पीड़िता 20 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे अपने बच्चों को लेकर पति के घर शांति नगर गई हुई थी। उस दौरान पति घर पर नहीं था, बालको प्लांट में ड्यूटी पर गया हुआ था। पीड़िता को घर में आया देखकर सास मालती कश्यप और ससुर रघुनाथ कश्यप ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया,अन्य लोगों ने भी उसे तरह-तरह के ताने दिए। इस बीच किसी ने फोन पर पति को जानकारी दे दी कि पीड़िता घर आई हुई है। करीब 12:45 बजे पति शांति कुमार कश्यप घर पहुंचा और आते ही पत्नी पर तमतमा गया। उससे गाली गलौज करते हुए विवाद कर मारपीट करने लगा। मां के साथ मारपीट होता देखकर बच्चे घबरा गए।

बड़ी बेटी ने बीच बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। बेटा रोते हुए मम्मी को मत मारो, चिल्लाता रहा लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। पति शांति कुमार की पिटाई से शिक्षिका पत्नी और पुत्री को शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। पीड़िता ने बालको थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कर दी है। आरोपी शांति कुमार कश्यप, सास मालती और ससुर रघुनाथ के विरुद्ध धारा 296, 115 (2), 351(2), 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध पंजिबद्ध कर विवेचना की जा रही है। बताया गया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।





