👉🏻कप्तान के सख्त होते ही अवैध स्क्रैप यार्ड पर कार्रवाई,बड़ी मात्रा में वाहनों के पुर्जे जब्त
कोरबा। कोरबा जिले में एसपी के निर्देश पर अवैध कबाड़ के विरुद्ध की जा रही लगातार कार्यवाही और दो दर्जन से अधिक हो चुकी गिरफ्तारियां से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कबाड़ व्यवसाय की आड़ में सरकारी और चोरी का लोहा सहित तांबा, एल्युमिनियम व अन्य कीमती सामान खरीदने और खपाने वालों की जुगलबंदी पर इस तरह की ताबड़तोड़ पहली कार्रवाई में एसपी ने कड़ा प्रहार जारी रखा है। लोहे का पुल रातों-रात काट देने के मामले में 17 लोगों की गिरफ्तारी किए जाने के बाद मुख्य आरोपी 5000 के ईनामी कबाड़ी मुकेश साहू उर्फ़ बरबट्टी ने पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय में सरेंडर कर दिया। इस बीच पुलिस के द्वारा दूसरे कबाड़ियों के ठिकानों पर भी दबिश देकर कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर सरकारी सामानों की जप्ती की गई। कबाड़ी मदन अग्रवाल,सियाराम अग्रवाल सहित आधा दर्जन से अधिक कबाड़ियों पर भी शिकंजा कसा गया, उसके साथियों को भी जेल दाखिल कराया गया है। लगभग दो दर्जन से अधिक कबाड़ियों और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी से इस अवैध धंधे में संलिप्त कई लोग भूमिगत हो चुके हैं तो कई लोग पुलिस की पकड़ से बचने के लिए इधर-उधर की दौड़ लगा रहे हैं।
0 नूर आलम पर कसा शिकंजा

कार्यवाही की कड़ी में पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के एक और बड़े कबाड़ी नूर आलम के ठिकाने पर भी दबिश दी गई। थाना उरगा को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक स्क्रैप यार्ड में अवैध रूप से भारी मात्रा में चोरी से संबंधित लोहे का सामान, हाइवा, ट्रेलर एवं ट्रक के पुर्जे संग्रहित कर रखे गए हैं। सूचना पर थाना उरगा पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई। जांच के दौरान स्क्रैप यार्ड संचालक नूर आलम पिता मोह.मुर्तुजा, उम्र 33 वर्ष, निवासी प्लॉट नं. 23, टी.पी. नगर, कोरबा मौके पर उपस्थित मिला। यार्ड में रखे गए वाहनों के पुर्जे एवं लोहे के सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहने पर उसके द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। दस्तावेजों के अभाव में उक्त सामग्रियों के अवैध होने की आशंका पर पुलिस द्वारा विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में ट्रेलर की मंडी, डाला बॉडी एवं अन्य लोहे का सामान लगभग 1200 टन, अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये को गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। नगर निगम टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सीलबंद किया गया। उक्त प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।।कोरबा पुलिस ने कहा है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







