कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में चोरों व कबाड़ियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई का सिलसिला जारी है। चोरी का माल खपाने से पहले तो कहीं खपा देने के बाद बरामदगी में जहां पुलिस को सफलता मिली है वहीं कबाड़ लदे वाहन जिले से बाहर ले जाने से पहले एक सूचना पर शिकंजा कसा गया। तीन वाहन जप्त कर चोरी का होने के संदेह में धारा 106 bnss के तहत मामला पंजीबद्ध कर कबाड़ के संबंध में आवश्यक पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक आज जिला पुलिस कंट्रोल रूम को तीन गाड़ियों में कबाड़ लाद कर जिले से बाहर ले जाने की तैयारी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक स्थान पर दबिश दे कर तीनों वाहनों को जप्त किया। तीनों वाहनों को लदे कबाड़ सहित कोतवाली लाया गया और अब आवश्यक छानबीन की जा रही है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि धारा 106 bnss के तहत प्रकरण दर्ज कर कबाड़ के संबंध में आवश्यक जांच पड़ताल की जा रही है। इसके पश्चात जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिवत कार्रवाई होगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कबाड़ और वाहन के ताल्लुकात किससे हैं, लेकिन इस बात की चर्चा है कि पिछले दिनों शिकवा- शिकायतों के दौर में जिन लोगों के द्वारा एक युवक गुलाम मोहम्मद पर 1 लाख रुपये की मांग कर ब्लैकमेल करने की शिकायत और घर में घुसकर वीडियो बनाने व धमकी देने संबंधी एफआईआर दर्ज कराई गई है, उससे जुड़ा यह सारा मामला है। मामला पकड़ में आने के बाद गुलाम मोहम्मद ने कहा है कि दूध का दूध और पानी का पानी हो चुका है और अब पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है।
👉🏻पुट्ठे की आड़ में कबाड़

हाल ही में सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी परमेश्वर राठौर के द्वारा एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अनीश मेमन निवासी पुरानी बस्ती कोरबा को मुड़ापार बायपास मार्ग स्थित उसके दुकान के सामने छोटा मालवाहन के साथ पकड़ा गया। वह पुट्ठों और गत्तों की आड़ में लोहे का कबाड़ भरकर ले जाने की तैयारी में था।
👉🏻बालको व उरगा पुलिस को भी सफलता

इससे पहले बालको और उरगा पुलिस को भी सफलता मिली जब विद्युत तार चोरी के दो अलग- अलग प्रकरण दर्ज किए गए। थाना बालको नगर पुलिस ने विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर की चोरी करने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कृत्य से विद्युत विभाग की शासकीय संपत्ति को भी क्षति पहुंची। बालको थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी के नेतृत्व में एएसआई अजय सिंह व टीम ने गगन टंडन पिता महावीर टंडन 25 वर्ष व वासु साण्डे उर्फ चिंटू पिता मोहन लाल 18 वर्ष 08 माह, दोनों निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा, थाना बालको नगर को गिरफ्तार कर शत प्रतिशत माल बरामद किया।
👉🏻 उरगा में चोरी का तार कबाड़ी को बेचा,कबाड़ी फरार

थाना उरगा क्षेत्र अंतर्गत मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड के अंदर खुले क्षेत्र में रखे 220 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम केबल की चोरी के मामले में थाना प्रभारी एसआई नवीन पटेल के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की मदद से आरोपी को पकड़ा। राकेश पटेल निवासी भिलाई खुर्द ने अपने बाड़ी में चोरी का केबल छिपाकर रखा था।

उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड से एल्युमिनियम केबल चोरी करने की बात स्वीकार की। बाद में कबाड़ी को बेच दिया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BT 7571, ट्रैक्टर क्रमांक CG 12 BB 0653, लगभग 01 टन चोरी का तार बरामद कर विधिवत जब्त किया। थाना प्रभारी ने बताया कि कबाड़ी फरार है।
👉🏻 कबाड़ियों के 3 से 4 गुट सक्रिय, एक-दूसरे की जड़ खोद रहे
पुष्ट सूत्रों की मानें तो कोरबा जिले में कबाड़ियों के तीन से चार गुट सक्रिय हैं जो शहर से लेकर उपनगरीय और खासकर खदान और उद्योग क्षेत्र वाले इलाकों में सक्रिय हैं। समय-समय पर इनकी सक्रियता सामने आती रही है लेकिन मौजूदा हालातों में इनकी गुटबाजी एक-दूसरे के “जड़ में मट्ठा डालने” तक पहुंच चुकी है। यह एक बड़ी वजह है जब अवैध कबाड़ के मामलों में मुखबिरी तेज हुई है व सीधे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी जा रही है ताकि थाना स्तर पर कोई गणित-गुंताड़ा न हो सके। कबाड़ के कारोबार में अपना-अपना सिक्का जमाने और सिंडिकेट बनाकर तो कहीं एकाधिकार कायम रखते हुए काम करने की चाहत ने इनमें आपसी मतभेद और मनभेद बढ़ा दिया है। यह मतभेद और मनभेद शहर की शांति के लिए भी खतरा साबित हो सकता है इसलिए पुलिस के आला अधिकारियों को चाहिए कि इनकी हरकतों और तौर-तरीकों पर सख्त निगाह बनाकर रखी जाए।





