कोरबा-कटघोरा। सार्वजनिक आयोजनों में हुड़दंग कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिस से बदसलूकी करने वालों के खिलाफ कटघोरा पुलिस सख्त नजर आ रही है। गणेश उत्सव के पूर्व 8 सितम्बर को निकाली गई ‘कटघोरा के राजा’ की भव्य शोभायात्रा के दौरान कथित शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवक को पुलिस आरक्षक से हुज्जतबाजी करना भारी पड़ गया।
शोभायात्रा के दौरान वार्ड क्रमांक 3 निवासी पदुम पाटिल पर शराब के नशे में गाली-गलौज और हुड़दंग करने का आरोप है। मौके पर तैनात आरक्षक ने जब उसे समझाइश दी तो आरोप है कि युवक पुलिसकर्मी से ही बदसलूकी करने लगा। सरेआम ऑन ड्यूटी आरक्षक की वर्दी का कॉलर पकड़ कर झुमा झटकी करने लगा। मौजूद लोगों व अन्य आरक्षक ने छुड़ाने की कोशिश भी की।
घटना का वीडियो वायरल है।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में लेकर शासकीय कार्य मे बाधा समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। नगर में ऐसी कोशिशों को हतोत्साहित करने आरोपी का पैदल जुलूस निकाला गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचन्द साहू ने कहा है कि पुलिस की यह कार्रवाई सार्वजनिक आयोजनों में हुड़दंग करने और कानून हाथ में लेने वालों के लिए सख्त संदेश है।





