कोरबा। अज्ञात चोरों ने दुकानों से नगदी और अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया, बल्कि सिर्फ गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गढ़कलेवा चौपाटी में हुई इस वारदात ने व्यापारियों को चिंता में डाल दिया है, क्योंकि सिलेंडर चोरी होने से उनके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ा है। चौपाटी स्थित मनोज फास्टफूड और जगदीश एगरोल दुकान से दरम्यानी रात गैस सिलेंडर लेकर चोर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि दुकानों में रखे पैसे और अन्य सामान को चोरों ने छुआ तक नहीं, जिससे यह साफ हो रहा है कि उनका निशाना सिर्फ गैस सिलेंडर ही था।
घटना के बाद चौपाटी में व्यापार करने वाले अन्य दुकानदारों में भी डर का माहौल है। उन्हें आशंका है कि अगर इसी तरह चोरी की घटनाएं होती रहीं, तो उनका व्यवसाय करना मुश्किल हो जाएगा।
इस मामले में चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गढ़कलेवा चौपाटी में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं और न ही कोई सिक्योरिटी गार्ड की नियुक्ति की गई है।



