👉🏻 अपर्याप्त साबित हो रही टैंकर की व्यवस्था,इंदिरा चौक का बोर खराब
कोरबा-छुरीकला। गर्मी बढ़ते ही छुरीकला नगर में पानी की समस्या बढ़ने लगी है। पेयजल आपूर्ति से लोगों की प्यास बुझ नहीं पा रही है। पानी के लिए लोगों को यहां-वहां भटकना पड़ रहा है वहीं जनप्रतिनिधि पानी की समस्या हल करने को गंभीरता से नहीं लिए जाने से समस्या बढ़ती जा रही है। जनप्रतिनिधि के कार्यकलाप से नगर में नाराजगी बढ़ने लगी है।
नगर पंचायत क्षेत्र में गर्मी लगते ही पानी की समस्या और गंभीर हो जाती है। लोगों को एक बाल्टी पानी तक के लिए भाग-दौड़ करना पड रहा है। मकान बनाने और मकान तराई के लिए हजारों लीटर पानी बहा रहे हैं परंतु पीने के लिए पानी नसीब नहीं हो रहा है। हालांकि पंचायत द्वारा बोर एवं वाटर टैंकर से पानी आपूर्ति की जा रही है परंतु यह ऊँट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। एक दिन के अंतराल में पानी आपूर्ति की जा रही है, उसमें भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इंदिरा चौक में पानी की भारी समस्या खड़ी हो गई है। इस वार्ड के लोग बोर से पानी आपूर्ति पर आश्रित हैं कोई दूसरा व्यवस्था नहीं है।

वैकल्पिक व्यवस्था के लिए एक बोर लगाया गया है जिसे लोग कब्जा कर मकान बनाने और मकान तराई करने में हजारों लीटर पानी बेकार बहा रहे हैं। उल्लेखनीय यह है इस रास्ते से पंचायत के सभी पार्षदों का आना- जाना लगा रहता, उसके उपरान्त बेकार बहा रहे पानी के लिए हस्तक्षेप नहीं किया जाता। उक्त बोर से चौक के लोगों को कुछ हद तक राहत मिल जाती थी परन्तु 24 घंटे पानी बहायें जाने से मोटर पेनल खराब होने से वैकल्पिक व्यवस्था भी ठप्प पड़ गई है,जिसके कारण वार्ड के लोगों को पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। चुनाव के दौरान अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशी द्वारा घर-घर में पानी पहुंचाने का दावा किया गया था, एक आदर्श नगर पंचायत बनाने की घोषणा की गई थी किन्तु सभी घोषणा धरी की धरी रह गई । आज चुनाव हुए एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पानी की समस्या हल करने में नाकामयाब रहने से नगर वासियों की नाराज़गी बढ़ने लगी है।








