👉🏻तहसीलदार ने रुकवाया था JCB-ट्रैक्टर का काम, फिर मशीनें लेकर पहुंचे
कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तरईनार में करीब 50 एकड़ जमीन पर कथित कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। जमीन पर JCB और ट्रैक्टर से दोबारा काम कराए जाने का विरोध करने पर एक ग्रामीण को गाली-गलौज कर गड्ढा खोदकर दफनाने और जान से मारने की धमकी देने पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम तरईनार निवासी समार सिंह मरकाम 45 वर्ष खेती-किसानी करता है। आरोप है कि राज कुमार पाण्डेय, उसके बड़े भाई प्रमोद पाण्डेय और चचेरे भाई विकास पाण्डेय द्वारा गांव की करीब 50 एकड़ जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा था। इस संबंध में उसने 8-10 दिन पहले तहसीलदार पसान से शिकायत की थी। शिकायत के बाद तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर JCB और ट्रैक्टर से चल रहे काम को रुकवा दिया था।
17 अक्टूबर को करीब दोपहर 3 बजे तीनों लोग फिर से JCB और ट्रैक्टर लेकर विवादित जमीन पर पहुंचे और काम शुरू कर दिया। समार सिंह मरकाम ने इसका विरोध किया तो तीनों ने एक साथ गाली-गलौज करते हुए कहा “तू यहॉ से भाग जा नहीं तो गड्ढा खोदकर दफना दूंगा।” जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शोर-शराबे के बीच समार सिंह के चचेरे भाई सोहन सिंह ने बीच-बचाव किया।
समार सिंह मरकाम की लिखित शिकायत पर पसान पुलिस ने राज कुमार पाण्डेय, प्रमोद पाण्डेय और विकास पाण्डेय के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोपों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






