👉🏻 ऐतमानगर रेंज में 40 साल पुराने पेड़ों की भी हुई कटाई, वन विभाग मूकदर्शक
👉🏻 पड़ोसी राज्य के लोग आकर करते है अवैध कटाई,विभागीय संलिप्तता से इंकार नहीं
कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल का ऐतमानगर रेंज एक बार फिर अवैध कटाई के मामले में चर्चा में है। इसके पहले मानगुरु पर्वत के जंगल में वृक्षों की अवैध कटाई का मामला काफी जोर-जोर से गूंजा था और इस बार कटमोरगा के जंगल में वृक्षों की अवैध कटाई की बातें सामने आ रही है।
रेंज ऐतमानगर में ग्राम पंचायत मड़ई के अंतर्गत बुका से लगे ग्राम कठमोरगा के जंगल में लकड़ी तस्कर सक्रिय हैं। सूत्रों के हवाले से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक जिले के सीमांत क्षेत्र में पड़ने वाले इस जंगल में पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के लकड़ी तस्कर काफी सक्रिय हैं। पिकअप जैसे मालवाहनों का इस्तेमाल लड़कियों को काटने के बाद ले जाने में करने की जानकारी मिल रही है। इस बात की पुष्टि विभागीय सूत्रों ने की है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि वन विभाग के रेंज स्तर के कर्मियों की लकड़ी तस्करों से मिलीभगत है जिसके कारण वह अवैध कटाई की रोकथाम व धरपकड़ के प्रति कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
ताजा घटनाक्रम में करीब 40 वृक्षों की कटाई की गई है जो कटी हुई अवस्था में मौके पर नजर आ रहे हैं। इनमें वर्षो पुराने वृक्ष भी शामिल हैं।

जंगल के भीतर बड़े पैमाने पर वृक्षों की कटाई से वन अमला और मैदानी कर्मचारी अनजान हों, यह एक-दो बार ही संभव हो सकता है लेकिन अवैध कटाई का सिलसिला लगातार चल रहा है तब इसकी भनक न लगे, ऐसा संभव नहीं। लकड़ी तस्करों की कुछ वन कर्मियों से तगड़ी सांठगांठ होने के कारण जंगलों के भीतर इनकी दखल बढ़ती ही जा रही है।ईमारती महत्व के वृक्षों के साथ-साथ विभिन्न उपयोग में लाए जाने वाले कीमती वृक्षों की बलि चढ़ रही है और महकमा सोया हुआ है।





