राजनांदगांव। मां बमलेश्वरी का दर्शन करने के लिए जा रहे कई भाजपा नेता हादसे का शिकार हो गए। इन्हें मामूली चोटे आई हैं। घटना के बाद अस्थाई रूप से रोप-वे ट्राली को जिला प्रशासन द्वारा बंद करा दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में रोप-वे की ट्राली गिर गयी। रोप-वे की जो ट्रॉली नीचे गिरी, उसमें भाजपा के कई नेता सवार थे। इस दुर्घटना में सभी को हल्की चोटें आई हैं, हालांकि बड़ा नुकसान टल गया।

ट्रॉली में सवार लोगों में प्रमुख रूप से आयोग के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता राम सेवक पैकरा, भाजपा नेता भरत वर्मा, पार्षद दया सिंह, और सामाजिक कार्यकर्ता मनोज अग्रवाल शामिल थे। जानकारी के अनुसार, ट्रॉली गिरने के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती किया गया।
भरत वर्मा सहित सभी को हाथों में चोटें आई हैं, लेकिन सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉली अचानक झटका खाकर नीचे गिरी, जिससे उसमें बैठे लोग असंतुलित हो गए और हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में मेंटेनेंस में लापरवाही की बात सामने आ रही है। लंबे समय से रोपवे की नियमित मरम्मत और तकनीकी जांच नहीं की गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।