कोरबा। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं सभी उपाध्यक्षा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों से प्रेरित होकर केन्द्रीय उत्खनन कर्मशाला, गेवरा की प्रेरणा महिला समिति द्वारा दिनांक 11 फरवरी 2026 को सपेरा बस्ती, नुनेरा (दीपका) में एक सामाजिक कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 40 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियाँ वितरित की गईं। इसके साथ ही वहाँ उपस्थित सभी जरूरतमंदों को स्वल्पाहार के रूप में फूड पैकेट भी प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों की सहायता करना तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
यह सेवा कार्य प्रेरणा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती निशा शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की सदस्यों — श्रीमती प्रियंका खरे, श्रीमती रश्मि टंडन, श्रीमती बबीता मेहरा एवं श्रीमती इतिश्री बड़ई — का विशेष योगदान रहा। प्रेरणा महिला समिति ने कहा है कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज सेवा के अपने संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।







