👉🏻 मामला एमपी के पूर्व सचिव की भूमि को आबादी बताकर कब्जा से परेशान परिवार का
👉🏻 कहा-जमीन का रिकार्ड दुरुस्त कराए राजस्व अमला ताकि कोई बाधा शेष न रहे, आरोप-पिता के नाम की जमीन खुद का बताकर धोखे में रखकर बेची भी गई है
कोरबा। नगर पंचायत छुरीकला अन्तर्गत ग्राम छुरी स्थित खसरा नंबर 858, रकबा 0.0320 हेक्टेयर भूमि जो अनुसूचित जनजाति “तंवर” वर्ग से संबंधित है, के कुछ हिस्सा को आबादी भूमि बताकर उस पर किये जा रहे बेजा निर्माण सम्बन्धी शिकायत पर कटघोरा के तहसीलदार सूर्यकांत केशकर ने स्थल का निरीक्षण किया। 3 दिन पूर्व उन्होंने राजस्व की टीम के साथ जाकर नापजोख किया। पीड़ित की भूमि पर निर्माण पाया गया जिसका चिन्हांकन किया गया। इसके दूसरे दिन भाजपा नेता रमेश श्रीवास ने उक्त कब्जा को तोड़वाया।
बता दें कि आवेदिका श्रीमती सत्यभामा के पति स्व. विजय पाल सिंह मध्यप्रदेश शासन में सचिव पद से सेवानिवृत्त अधिकारी थे। उक्त भूमि पर उनका वैध स्वामित्व/कब्जा है और भूमि से संबंधित दस्तावेज भी उनके पास है।
श्रीमती सिंह ने आरोप लगाया था कि नगर पंचायत छुरीकला निवासी भाजपा नेता व पार्षद रहे रमेश श्रीवास द्वारा उक्त भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति कथित रूप से कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक मामले को लेकर कोरबा जिलाधिकारी और कटघोरा तहसील के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट के समक्ष भी शिकायत की जा चुकी है, इसके बावजूद कथित कब्जा और निर्माण जारी रहा। शिकायतकर्ता ने प्रशासनिक स्तर पर शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। यह मामला सत्यसंवाद के द्वारा प्रमुखता से सामने लाया गया ताकि यदि परिवार पीड़ित है,तो उसे न्याय मिल सके।
👉🏻 तहसीलदार ने दी यह जानकारी

इस मामले में कटघोरा के तहसीलदार सूर्यकांत केशकर ने सत्यसंवाद को बताया कि पीड़ित के शिकायत आवेदन पर कार्रवाई की गई है। वे अपनी राजस्व टीम के साथ मौका मुआयना करने स्वयं गए थे। आवेदक की करीब 8 डिसमिल भूमि का सीमांकन श्रीमती सत्यभामा के समक्ष किया गया। इस दौरान पाया कि रमेश श्रीवास के द्वारा कराए जा रहे निर्माण का कुछ हिस्सा सत्यभामा की जमीन पर है। उक्त बेजा निर्माण का चिन्हांकन कर रमेश श्रीवास को निर्देश दिया गया कि वह उसे तोड़वा दे। कार्रवाई का बाकायदा पंचनामा बनाया गया। तहसीलदार ने बताया कि कार्रवाई से शिकायतकर्ता को राहत मिली है और उन्होंने संतुष्टि भी जताई। तहसीलदार ने बताया कि सत्यभामा की जमीन के बाद से आबादी भूमि शुरू हो जाती है जो खसरा नम्बर 704 है। इधर, निरीक्षण के दूसरे दिन भाजपा नेता रमेश श्रीवास के द्वारा अपने निर्माणाधीन बेजा कब्जा को तोड़वाया गया। रमेश ने पूछने पर बताया कि तहसीलदार के निर्देष पर उसने सत्यभामा की जमीन से अपना कब्जा हटा दिया है।







