0 कोरबा के लक्ष्मण बन तालाब में दीवार गिरने से दो अन्य हैं गम्भीर
कोरबा। कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मण बन तालाब के निकट निर्माणाधीन आवासीय फ्लैट के पीछे खाली जमीन पर निर्मित बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा जेसीबी ऑपरेटर की लापरवाही और मौके पर उपेक्षा पूर्ण कार्य करने-कराने के कारण ढह जाने से मलबा में दबकर तीन लोग घायल हो गए। इसमें शामिल मासूम डेढ़ वर्षीय बालक गणेश कर्ष की अस्पताल में मौत हो गई वहीं दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हैं। बालक की मौत के बाद परिजन और बस्तीवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पहले ही असावधानी पूर्वक कार्य किए जाने से हुए हादसे को लेकर नाराजगी थी और बालक की मौत ने गुस्से को बढ़ा दिया। लोगों ने थाना कोतवाली पहुंचकर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसके बाद ओव्हरब्रिज और मुख्य मार्ग पर बैठकर आवागमन रोक दिया गया। समाचार लिखे जाने तक यहां मुख्य मार्ग पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। पुलिस के अधिकारी इन्हें समझाने में जुटे हुए हैं। कठोर कार्रवाई और मुआवजा की मांग की जा रही है।




