कोरबा। शनिवार को दोपहर के वक्त एकाएक कोरबा शहर और उसके आसपास के इलाके का मौसम बदला। हल्की-फुल्की हवाओं के बीच एकाएक दोपहर करीब 2:45 बजे मौसम ने करवट ली और आंधी-तूफान के बीच मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश का यह सिलसिला करीब पौने एक घंटे से भी ज्यादा समय से चला। बारिश के बीच तेज आंधी तूफान भी चलती रही। बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट लोगों को भयभीत करती रही।
बारिश के दौरान ओलावृष्टि भी होती रही। बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं ने मौसम में ठंडक घोल दी है। मूसलाधार बारिश की वजह से शहर की सड़के एक बार फिर नाला के रूप में तब्दील हो गई और नालियों में जल भराव होने के साथ-साथ निचले दुकानों और घरों में पानी घुसने की समस्या भी पेश आई। सामान्य जनजीवन इस बारिश के कारण प्रभावित हुआ है। कटघोरा, पोड़ी उपरोड़ा,पाली इलाके में भी हल्की-फुल्की बारिश की खबर है।







