रजिस्ट्रार फर्म एंड सोसाइटी रायपुर का स्पष्ट आदेश, पूर्व पदाधिकारियों की जवाबदेही तय; वर्तमान कार्यकारिणी को वसूली कर 60 दिन में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा
कोरबा। शहर की प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री श्याम मित्र मंडल में श्रद्धालुओं से प्राप्त दान राशि के हिसाब-किताब में बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। उच्च न्यायालय के निर्देश पर हुई जांच के बाद रजिस्ट्रार, फर्म्स एवं सोसायटीज, रायपुर ने 16 नवंबर 2026 को जारी 12 पृष्ठों के आदेश में 65 लाख 75 हजार 758 रुपये की वसूली को न्यायोचित माना है। आदेश में पूर्व अध्यक्ष रोहिणी सुल्तानिया, सचिव विमल कुमार मोदी एवं कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल के कार्यकाल से जुड़े वित्तीय लेन-देन पर जवाबदेही तय करते हुए वर्तमान कार्यकारिणी को संबंधित राशि की वसूली कर संस्था के बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
11.21 लाख की रोकड़ राशि भी जांच के दायरे में
जांच में 11 लाख 21 हजार 542 रुपये की रोकड़ राशि निर्धारित समय पर संस्था के बैंक खाते में जमा नहीं कराए जाने का मामला भी सामने आया। शिकायत के बाद 10 लाख रुपये अलग-अलग समय पर बैंक खाते में जमा कराए गए, जबकि शेष 1 लाख 21 हजार 542 रुपये जमा नहीं होने का उल्लेख जांच प्रतिवेदन में किया गया है।
यह मामला संस्था की धनराशि के निजी उपयोग एवं गबन से जुड़ी गंभीर वित्तीय अनियमितता को उजागर करता है। शिकायत के बाद राशि वापस जमा कराने की प्रक्रिया शुरू होना भी इस प्रकरण का महत्वपूर्ण पहलू है।
दान पेटी से संकीर्तन तक, नौ मदों में गड़बड़ी
जांच में संस्था की आय के नौ अलग-अलग मदों के लेखा-जोखा में गंभीर कमियां सामने आईं। इनमें मासिक संकीर्तन की 19 लाख रुपये, दान पेटी की 17 लाख 31 हजार 594 रुपये, बाबा के श्रृंगार की 14 लाख 53 हजार 500 रुपये तथा वार्षिक उत्सव की 9 लाख 99 हजार 640 रुपये की राशि शामिल है। इन प्रमुख मदों के अलावा अन्य मदों को मिलाकर कुल 65.75 लाख रुपये की वसूली को उचित माना गया है।
लेखा दस्तावेजों में भी मिलीं गंभीर खामियां
जांच के दौरान मूल लेखा अभिलेख, बिल, वाउचर, रसीदें और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने सहित कई कमियां दर्ज की गईं। कैशबुक, बैंक रिकॉर्ड, रोकड़ शेष, ऑडिट रिपोर्ट के अनुमोदन तथा सामान्य सभा की बैठकों से संबंधित अभिलेखों में भी अनियमितताओं का उल्लेख है। जांच में तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के कार्यकाल की वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं।
वर्तमान कार्यकारिणी पर अब वसूली की जिम्मेदारी
रजिस्ट्रार के आदेश के मुताबिक वर्तमान कार्यकारिणी को संबंधित पूर्व पदाधिकारियों से राशि की वसूली कर संस्था के बैंक खाते में जमा करानी होगी। साथ ही संस्था की नियमावली की कंडिका 4(1) में आवश्यक संशोधन और वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं। आदेश के पालन की रिपोर्ट 60 दिनों के भीतर रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी।
श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है मामला
श्री श्याम मित्र मंडल में श्रद्धालु दान पेटी, बाबा के श्रृंगार, संकीर्तन और धार्मिक आयोजनों के लिए श्रद्धा से राशि अर्पित करते हैं। यह धन संस्था और भक्तों की अमानत है। ऐसे में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आना संस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब निगाहें वर्तमान कार्यकारिणी की कार्रवाई पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि 65.75 लाख रुपये की वसूली कब तक होगी और संस्था के वित्तीय प्रबंधन को पारदर्शी बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। श्रद्धालु अब दान की पाई-पाई का हिसाब और संस्था की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित होते देखना चाहते हैं।






