कोरबा/पोंडी उपरोड़ा। ग्राम पंचायत एतमानगर के रोजगार सहायक चन्द्रकुमार चुटेल द्वारा आवास के नाम पर वसूली के मामले मे शिकायत कों झूठा ठहराया है, उन्होंने ने शिकायतों से मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से कार्यवाही की मांग की है। उनका कहना है कि वे वर्ष 2018 से मनरेगा अंतर्गत कार्यरत हैं और अब तक उनके कार्य में किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं पाई गई है, न ही किसी हितग्राही द्वारा उनके विरुद्ध शिकायत की गई है।
चन्द्रकुमार चुटेल, जो कि डोमार जाति से हैं और एतमानगर में पदस्थ हैं, का कहना है कि पूर्व जनप्रतिनिधि द्वारा कुछ ग्रामीणों कों बहका क़र उनके विरुद्ध लगातार झूठी और बेबुनियाद शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं। खासकर 5 अप्रैल 2025 से 11 अप्रैल 2025 तक आयोजित सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों को भड़काकर शिकायतें दर्ज करवाई गईं। इससे पहले भी जातिगत आधार पर उन पर आरोप लगाए गए थे, जिनकी जांच में वे पूर्णतः निर्दोष पाए गए और शिकायत निरस्त की गई।
आवेदक ने बताया कि रामनारायण मरावी मनरेगा के दौरान बिना कार्य किए अपने नामित व्यक्तियों की उपस्थिति दर्ज कराने और भुगतान दिलाने का दबाव बनाते हैं। जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया, तब से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। चन्द्रकुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित किसी भी योजना में कभी किसी हितग्राही से अवैध राशि की मांग नहीं की है। वे शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं और उनके परिवार में मिर्गी से पीड़ित पिता, माता, पत्नी और तीन बच्चे आश्रित हैं, जिनका जीवनयापन बड़ी कठिनाई से करते हैं।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि बार-बार की जा रही झूठी शिकायतों की जांच कर उचित कार्यवाही की जाए, ताकि उन्हें मानसिक शांति मिल सके और वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्पक्षता से करते रहें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो उसकी जिम्मेदारी भी अनावेदक की ही होगी।






