वन विभाग और RCRS की टीम ने 3 घण्टे मशक्कत की, सुरक्षित निकाल कर जंगल में छोड़ा
कोरबा। शहर के टीपी नगर में स्थित महिंद्रा वर्कशॉप में उस समय हड़कंप मच गया, जब वर्कशॉप खुलने के बाद सुबह करीब 9:30 बजे कर्मचारियों की नजर परिसर के अंदर मौजूद एक विशाल अजगर पर पड़ी। अचानक अजगर को अपने बीच देखकर वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग घबरा गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सभी के बीच डर का माहौल बन गया। अजगर शीट पर चढ़कर पाइप में लिपट गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग एवं RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू की तैयारी की गई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। इसके बाद RCRS टीम के सदस्य उमेश यादव ने सूझबूझ और सावधानी के साथ अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू करीब 3 घण्टे तक चला जिसमें पूरे समय सभी की साँस ऊपर-नीचे होती रही। अजगर कसकर टीन शेड के पाइप में लिपटा रहा और रेस्क्यू के दौरान उमेश यादव के हाथ औऱ शरीर पर भी लिपटता रहा।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद वर्कशॉप में मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद वन विभाग के मार्गदर्शन में अजगर को उसके प्राकृतिक आवास एवं अनुकूल वातावरण में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
RCRS की टीम ने लोगों से अपील की है कि गर्मी, बारिश और मौसम में बदलाव के दौरान सांप एवं अन्य वन्यजीव भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों, दुकानों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें।
वन विभाग और RCRS की अपील: वन्यजीव दिखाई देने पर उससे उचित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग या RCRS की रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
टीम के मुखिया अविनाश ने आमजन से अपील की है कि सांप दिखे तो डंडा नहीं, फोन उठाएं और कॉल करें।
RCRS हेल्पलाइन नंबर:
- 9827917848
- 9009996789
- 7987957958
Reptile Care and Rescuer Society (RCRS), Korba
SAVE ANIMALS SAVE NATURE.






